Friday , 7 August 2026

अतीक के सबसे छोटे बेटे आबान का शव पहुंचा प्रयागराज, कसारी-मसारी में अतीक की कब्र के पास ही बनेगी अंतिम आरामगाह..शाइस्ता के आने की अटकलों से एजेंसियां सतर्क

प्रयागराज। माफिया अतीक अहमद के कुनबे में एक बार फिर सन्नाटा और मातम पसर गया है। झांसी-कानपुर हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में अतीक के सबसे छोटे बेटे आबान अहमद और उसके साथी शाकिर उर्फ सोनू की दर्दनाक मौत के बाद दोनों के शव प्रयागराज पहुंच गए हैं। झांसी में पोस्टमार्टम की पूरी प्रक्रिया और अन्य विधिक औपचारिकताएं संपन्न होने के बाद परिजन भारी सुरक्षा के बीच एंबुलेंस से शवों को लेकर शहर लौटे। वर्तमान में आबान के पार्थिव शरीर को हटवा स्थित उसकी बुआ के आवास पर रखा गया है, जहां रिश्तेदारों और करीबियों का जमावड़ा लगा हुआ है।

कसारी-मसारी में पिता और भाई की कब्रों के पास होगा दफन

आबान अहमद को जुमे की नमाज के बाद कसारी-मसारी स्थित पैतृक कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि इसी कब्रिस्तान में उसके पिता अतीक अहमद, चाचा अशरफ और बड़े भाई असद अहमद की कब्रें भी मौजूद हैं। आबान के लिए भी अतीक की कब्र के ठीक समीप ही जमीन तैयार की गई है, जिसके लिए देर रात तक मजदूरों द्वारा कब्र खोदने का कार्य चलता रहा। इस पूरे घटनाक्रम को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और पुलिस महकमा पूरी तरह से मुस्तैद है। कब्रिस्तान व आसपास के संवेदनशील इलाकों में भारी पुलिस बल और पीएसी की तैनाती की गई है ताकि सुरक्षा व्यवस्था में कोई चूक न हो।

भाई के जनाजे में शामिल होने के लिए उमर और अली ने मांगी पैरोल

दूसरी ओर, भाई के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए अतीक के बड़े बेटों मोहम्मद उमर और अली अहमद ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। दोनों की ओर से पैरोल के लिए अर्जी दाखिल की गई है, जिस पर आज दोपहर 12 बजे सुनवाई होने की संभावना है। यदि अदालत से पैरोल मंजूर होती है, तभी जेल में बंद दोनों भाई जनाजे का हिस्सा बन सकेंगे। बता दें कि उमर लखनऊ जेल में निरुद्ध है, जबकि अली अहमद झांसी जेल में बंद है। परिजनों के अनुसार, आबान का अंतिम संस्कार शाम 4:00 से 5:00 बजे के बीच संपन्न होने की उम्मीद है।

झांसी हाईवे पर हुआ था दर्दनाक हादसा, तीन अन्य गंभीर

यह पूरी दुखद घटना झांसी के पूंछ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खिल्ली के पास की है। प्रयागराज से झांसी की ओर जा रही तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क हादसे का शिकार हो गई थी। इस भीषण टक्कर में आबान और उसके साथी शाकिर उर्फ सोनू ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था, जबकि कार सवार तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी को तत्काल झांसी मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने आबान और सोनू को मृत घोषित कर दिया। फिलहाल, झांसी पुलिस दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाने के लिए गहराई से जांच कर रही है।

शाइस्ता परवीन के आने की अटकलों से एजेंसियां सतर्क

हादसे के बाद से ही अतीक अहमद की फरार पत्नी शाइस्ता परवीन को लेकर भी कयासों का बाजार गर्म हो गया है। बीते लगभग तीन वर्षों से पुलिस की पकड़ से दूर चल रही शाइस्ता के अपने सबसे छोटे बेटे के जनाजे में छिपकर पहुंचने की चर्चाएं तेज हैं। इन अटकलों को गंभीरता से लेते हुए यूपी पुलिस, एलआईयू और इंटेलिजेंस एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं। कब्रिस्तान और हटवा स्थित आवास के आसपास सादे लिबास में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है और हर संदिग्ध गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है।

Check Also

प्रयागराज में राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को हरी झंडी, अजय राय के अंडरटेकिंग के बाद KP ट्रस्ट ने वापस लिया रोक का फैसला

संगम नगरी प्रयागराज में कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रस्तावित …