मैनपुरी/बेवर: उत्तर प्रदेश में बोर्ड परीक्षाओं को शुचितापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के दावों के बीच मैनपुरी से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जनपद के बेवर थाना क्षेत्र स्थित महाराज सिंह इंटर कॉलेज, जोत में एसटीएफ आगरा और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर एक संगठित नकल माफिया रैकेट का भंडाफोड़ किया है। सोमवार को इंटरमीडिएट की गणित और जीवविज्ञान की परीक्षा के दौरान कॉलेज के पिछले हिस्से में बैठकर कॉपियां हल की जा रही थीं।
कॉलेज के पिछले हिस्से में चल रही थी ‘सॉल्विंग फैक्ट्री’
एसटीएफ आगरा को मुखबिर से सूचना मिली थी कि महाराज सिंह इंटर कॉलेज में बाह्य सॉल्वरों की मदद से सामूहिक नकल कराई जा रही है। इस सूचना पर जब टीम ने कॉलेज के पिछले हिस्से में दबिश दी, तो वहां का नजारा देखकर अधिकारी दंग रह गए। परीक्षा केंद्र के अंदर नहीं, बल्कि परिसर के पिछले गुप्त स्थान पर सॉल्वर कॉपियां लिखने में मशगूल थे। मौके से गणित की दो और जीवविज्ञान की एक कॉपी बरामद हुई है, जो इस काले खेल का पुख्ता सबूत बनीं।
6 आरोपी दबोचे गए, केंद्र व्यवस्थापक का भाई भी रडार पर
पुलिस की कार्रवाई के दौरान मौके से आशीष कुमार, अनुज कुमार, अंकित, शिवम चौहान, अवनीश कुमार और अरुण कुमार को गिरफ्तार किया गया है। सूत्रों के मुताबिक, पकड़े गए आरोपियों में केंद्र व्यवस्थापक का सगा भाई भी शामिल है, जिससे कड़ाई से पूछताछ की जा रही है। हालांकि, छापेमारी के दौरान भगदड़ का फायदा उठाकर 6 अन्य आरोपी फरार होने में कामयाब रहे, जिनकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
मैजिस्ट्रेट और अधिकारियों की तैनाती पर उठे गंभीर सवाल
इस खुलासे ने जिले की परीक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि केंद्र पर केंद्र व्यवस्थापक, बाह्य केंद्र व्यवस्थापक और स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती के बावजूद इतना बड़ा संगठित अपराध धड़ल्ले से चल रहा था। छापेमारी की खबर मिलते ही एसडीएम भोगांव संध्या शर्मा, एसपी सिटी अरुण कुमार, सीओ रामकृष्ण द्विवेदी और डीआईओएस सतीश कुमार मौके पर पहुंचे। देर रात तक बेवर थाने में आरोपियों से पूछताछ और विधिक कार्रवाई का सिलसिला जारी रहा।
प्रबंधक और व्यवस्थापक पर गिरेगी गाज
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस मामले में कॉलेज के प्रबंधक और परीक्षा व्यवस्थापक की मिलीभगत की जांच की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर ऐसी कठोर कार्रवाई की जाएगी जो मिसाल बने। इस घटना के बाद जनपद के अन्य परीक्षा केंद्रों पर भी सतर्कता बढ़ा दी गई है और संदिग्ध केंद्रों की निगरानी तेज कर दी गई है।
voice of india
