
अयोध्या। मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम की पावन नगरी अयोध्या में शनिवार को 10वें दीपोत्सव का ऐतिहासिक एवं भव्य आगाज होने जा रहा है। इस पावन अवसर पर राम जन्मभूमि मंदिर में हनुमान जयंती का विशेष अनुष्ठान गोधूलि बेला में संपन्न होगा। उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन राम मंदिर परिसर पहुंचकर इस महाआयोजन का विधिवत शुभारंभ करेंगे। उनके आगमन को लेकर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव गोविंद देव गिरि और कोषाध्यक्ष महेश भागचंदका रामनगरी पहुंच चुके हैं और सुरक्षा से लेकर धार्मिक अनुष्ठान की सभी व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं।
राम की पैड़ी पर जगमगाएंगे 30 लाख दीप, धर्मपथ पर दिखेगा डिजिटल त्रेतायुग
इस बार का 10वां दीपोत्सव परंपरा और आधुनिक तकनीक के अद्भुत संगम के रूप में सामने आ रहा है। पूरी अयोध्या को पारंपरिक दीयों और अत्याधुनिक प्रकाश व्यवस्था से सजाया गया है। विश्व रिकॉर्ड रचने के संकल्प के साथ राम की पैड़ी पर 30 लाख दीये जलाने की पूरी तैयारी मुकम्मल कर ली गई है। वहीं श्रद्धालुओं को त्रेतायुग की अनुभूति कराने के लिए धर्मपथ पर 50 डिजिटल स्तंभ तैयार किए गए हैं। नेशनल हाईवे से प्रवेश द्वार तक मार्ग के दोनों ओर स्थापित 12-12 फीट ऊंचे ये डिजिटल स्तंभ लेजर व लाइट शो के माध्यम से रामायण काल के प्रमुख प्रसंगों का जीवंत प्रदर्शन करेंगे।
एक लाख दीपों से आलोकित होगा राम मंदिर परिसर
श्रीराम मंदिर परिसर इस पावन संध्या पर अलौकिक आभा बिखेरेगा। मंदिर प्रांगण में करीब एक लाख दीये प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। इस पुनीत कार्य को संपन्न करने के लिए ट्रस्ट की व्यवस्था से जुड़े करीब 1,500 समर्पित श्रद्धालु दीप प्रज्ज्वलन में अपनी सहभागिता निभाएंगे। जैसे ही गोधूलि बेला में हनुमान जयंती का पर्व शुरू होगा, पूरा राम मंदिर परिसर दीयों की स्वर्णिम रोशनी से नहा उठेगा।
सीएम योगी के स्वागत में सजीं दिव्य रंगोलियां
दीपोत्सव की भव्यता के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के स्वागत के लिए भी रामनगरी को दुल्हन की तरह सजाया गया है। मुख्यमंत्री के आगमन से पूर्व रामकथा पार्क की ओर जाने वाले पूरे मार्ग पर मनमोहक और भव्य रंगोलियां बनाई गई हैं। सड़कों पर कमल के फूल, मंगल कलश, मांगलिक स्वस्तिक और पारंपरिक दीपों की सुंदर कलाकृतियां उकेरी गई हैं। इसी सुसज्जित मार्ग से होते हुए मुख्यमंत्री मुख्य समारोह स्थल रामकथा पार्क पहुंचेंगे।
उपराष्ट्रपति, राज्यपाल और मुख्यमंत्री एक साथ उतारेंगे रामलला की आरती
दीपोत्सव के इस महापर्व पर श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में आस्था का अद्वितीय दृश्य देखने को मिलेगा। उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन, उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ संयुक्त रूप से रामलला की विशेष आरती उतारेंगे। यह दिव्य आरती दोपहर 2:30 बजे से 3:00 बजे के मध्य संपन्न होगी। इस ऐतिहासिक क्षण पर जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के महासचिव गोविंद देव गिरि उपराष्ट्रपति की अगवानी करेंगे, जबकि न्यास की धार्मिक समिति के पांच प्रमुख संत भी इस अनुष्ठान में विशेष रूप से मौजूद रहेंगे।
voice of india