Monday , 21 September 2026

अयोध्या में 14 कोसी परिक्रमा मार्ग पर गरजा बुलडोजर: जनौरा नाका पर नजूल की जमीन पर बने 3 मकान ध्वस्त, पीएसी तैनात, भारी विरोध के बीच हुई कार्रवाई

अयोध्या रामनगरी अयोध्या में 14 कोसी परिक्रमा मार्ग को फोरलेन बनाने की महापरियोजना के तहत जिला प्रशासन ने बड़ी ध्वस्तीकरण कार्रवाई को अंजाम दिया है। जनौरा नाका स्थित नाका हनुमानगढ़ी के सामने रविवार को भारी पुलिस बल और पीएसी की मौजूदगी में प्रशासनिक बुलडोजर गरजा। रास्ते की जद में आ रहे तीन बहुमंजिला भवनों को पूरी तरह जमींदोज कर दिया गया। इस कार्रवाई के दौरान इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा और प्रभावित स्थानीय लोगों ने तीखा विरोध दर्ज कराया। सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने एहतियातन पूरे इलाके की बिजली आपूर्ति बंद करवा दी थी।

मुआवजे के भुगतान और हाईकोर्ट के निर्देश के बाद एक्शन जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई किसी मनमाने तरीके से नहीं, बल्कि तय कानूनी प्रक्रिया और उच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में की गई है। प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक, जिन तीन मकानों को ध्वस्त किया गया है, वे नजूल की भूमि पर बने हुए थे और निर्माण कार्य के दायरे में आ रहे थे। प्रशासन का दावा है कि संबंधित भवन स्वामियों को नियमानुसार मुआवजे की धनराशि का भुगतान पूर्व में ही किया जा चुका था। इसके बावजूद कुछ प्रभावित पक्ष मामले को लेकर इलाहाबाद हाईकोर्ट चले गए थे, जहां से दिशा-निर्देश मिलने के बाद प्रशासन ने ध्वस्तीकरण की अंतिम कार्रवाई शुरू की।

अधिकारियों का भारी अमला और पीएसी बल रहा तैनात कार्रवाई के दौरान मौके पर तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए भारी सुरक्षा घेरा तैयार किया गया था। घटनास्थल पर एडीएम (वित्त एवं राजस्व) अमित भट्ट, एसडीएम, सीओ सिटी श्रीयश त्रिपाठी सहित कई थानों की पुलिस और पीएसी के जवान मुस्तैद रहे। दिनभर चली इस कार्रवाई के दौरान स्थानीय लोगों के गुस्से और हंगामे को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने स्थिति को संभाला और ध्वस्तीकरण का काम निर्बाध रूप से पूरा कराया।

परिक्रमा मार्ग के चौड़ीकरण को मिला अंतिम रूप अयोध्या के धार्मिक और सामरिक महत्व को देखते हुए 14 कोसी परिक्रमा मार्ग का चौड़ीकरण कर इसे फोरलेन में बदला जा रहा है। जनौरा नाका के इस हिस्से को लेकर लंबे समय से गतिरोध और विवाद की स्थिति बनी हुई थी, जिसके चलते परिक्रमा मार्ग के इस खंड का निर्माण कार्य अटका हुआ था। रविवार को की गई इस निर्णायक कार्रवाई के बाद जिला प्रशासन ने परिक्रमा मार्ग के विस्तार को अंतिम रूप दे दिया है, जिससे अब श्रद्धालुओं के आवागमन हेतु फोरलेन सड़क का निर्माण तेजी से पूरा किया जा सकेगा।

 

Check Also

‘परिवारवाद छोड़िए, वाल्मीकि समाज को मौका दीजिए’: स्विट्जरलैंड से लौटीं रोहिणी घावरी ने मायावती से की बड़ी मांग, बसपा में सियासी जमीन तलाशने की चर्चा तेज

 लखनऊ स्विट्जरलैंड से स्वदेश लौटकर दलित और सामाजिक मुद्दों पर लगातार मुखर रुख अपना रहीं …