Friday , 18 September 2026

ससुराल-मायका ठुकराया, तीन बच्चों की मां ने चुना युवती का साथ: इंस्टाग्राम पर हुआ था प्यार, थाने में रोते रहे परिजन, मजिस्ट्रेट के सामने बयान देकर प्रेमिका संग रवाना

सरसौल/कानपुर ब्यूरो। कानपुर के महाराजपुर थाना क्षेत्र में रिश्तों की एक हैरान कर देने वाली दास्तान सामने आई है, जिसने हर किसी को सन्न कर दिया। तीन मासूम बच्चों की मां ने अपने पति, बच्चों, ससुराल और मायके के तमाम रिश्तों की डोर तोड़कर अपनी 25 वर्षीय प्रेमिका युवती के साथ जिंदगी बिताने का अंतिम फैसला कर लिया है। थाने में दोनों पक्षों के परिजन महिला से घर लौटने की गुहार लगाते रहे, हाथ जोड़कर मिन्नतें करते रहे, लेकिन 30 वर्षीय महिला अपने फैसले पर अडिग रही। आखिरकार कानून के तहत कार्यपालक मजिस्ट्रेट के सामने महिला के बयान कलमबंद कराए गए और बालिग होने के नाते उसे अपनी मर्जी से प्रेमिका संग जाने की अनुमति दे दी गई।

मायके से अचानक हुई थी लापता, पनकी के किराए के कमरे में मिली जानकारी के अनुसार, महाराजपुर क्षेत्र की निवासी 30 वर्षीय महिला बीती छह सितंबर को अचानक अपने मायके से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग न मिलने पर महाराजपुर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने सर्विलांस और मुखबिरों की मदद से महिला की तलाश शुरू की। बुधवार को पुलिस ने घेराबंदी करते हुए उसे औद्योगिक क्षेत्र पनकी से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो देखा कि वह महाराजपुर क्षेत्र की ही निवासी अपनी 25 वर्षीय महिला मित्र के साथ किराए का कमरा लेकर रह रही थी।

इंस्टाग्राम पर रील देखते-देखते हुआ इश्क, एक साल में परवान चढ़ा रिश्ता पुलिस की प्राथमिक जांच और पूछताछ में बेहद चौंकाने वाले खुलासे हुए। दोनों महिलाओं के बीच करीब एक साल से गहरा प्रेम संबंध चल रहा था। इस अनोखे रिश्ते की शुरुआत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। पहले रील्स और पोस्ट पर बातचीत शुरू हुई, फिर धीरे-धीरे चैटिंग और फोन कॉल्स का दौर लंबा होता गया। कुछ ही महीनों में दोनों की दोस्ती बेपनाह मोहब्बत में बदल गई। इसके बाद दोनों ने समाज और परिवार की परवाह किए बिना साथ रहने की ठान ली और मौका पाकर घर छोड़कर पनकी में किराए का कमरा ले लिया।

थाने में जुटे मायके-ससुराल वाले, महिला बोली- किसी के साथ नहीं जाऊंगी गुरुवार को पुलिस द्वारा बरामदगी के बाद महाराजपुर थाने में भारी ड्रामा हुआ। महिला के ससुराल और मायके पक्ष के लोग एक साथ थाने पहुंचे। परिजनों ने महिला को उसके तीन बच्चों की दुहाई दी, मान-मर्यादा का वास्ता दिया और घर लौटने की भरपूर मिन्नतें कीं। परिजनों के तमाम आंसुओं और समझाइश के बावजूद महिला टस से मस नहीं हुई। उसने साफ लफ्जों में पुलिस और परिजनों के सामने दो टूक कह दिया कि वह न तो मायके जाएगी और न ही ससुराल, वह सिर्फ और सिर्फ अपनी महिला मित्र के साथ ही रहेगी।

मजिस्ट्रेट के सामने दर्ज हुए बयान, प्रेमिका का हाथ थामकर हुई रवाना जब सुलह-समझौते की सारी कोशिशें नाकाम हो गईं, तो पुलिस ने विधिक प्रक्रिया के तहत महिला को कार्यपालक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया। मजिस्ट्रेट के सामने भी महिला ने पूरी तरह अपने पूर्व फैसले को दोहराते हुए युवती के साथ रहने की लिखित इच्छा जताई। महाराजपुर थाना प्रभारी जनार्दन सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि महिला पूरी तरह बालिग है और उसने स्पष्ट रूप से अपने स्वजनों के साथ जाने से इनकार कर दिया था। मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान दर्ज होने के बाद कानूनी नियमों के तहत उसे उसकी मर्जी से युवती के साथ भेज दिया गया।

 

Check Also

निठारी कांड के आरोपी रहे सुरेंद्र कोली ने हरिद्वार में की खुदकुशी: चाय की दुकान में फंदे से लटका मिला शव, सुप्रीम कोर्ट ने कर दिया था बरी

हरिद्वार। देश को दहला देने वाले चर्चित निठारी हत्याकांड के मुख्य आरोपी रहे सुरेंद्र कोली …