Saturday , 7 November 2026

UP Sarkari Naukri: योगी सरकार का युवाओं को बड़ा तोहफा, नागरिक सुरक्षा विभाग में 191 पदों पर जल्द होगी बंपर भर्ती, देखें पूरा ब्योरा

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के प्रतियोगी छात्रों और बेरोजगार युवाओं के लिए सरकारी नौकरी पाने का एक और सुनहरा अवसर सामने आया है। मिशन रोजगार को तेजी से आगे बढ़ाते हुए योगी सरकार ने नागरिक सुरक्षा विभाग (Civil Defence Department) में 191 रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा प्रदेश में एक लाख नई भर्तियां शुरू करने के ऐलान के ठीक बाद इस विभाग में छह अलग-अलग संवर्गों के रिक्त पदों को भरने की कवायद तेज कर दी गई है। इस भर्ती अभियान में सर्वाधिक 104 पद अकेले सहायक उप नियंत्रक (सा.वे.) के शामिल हैं।

अगले छह माह में एक लाख भर्तियां, 19 सितंबर से अभियान को रफ्तार उत्तर प्रदेश सरकार ने युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए अगले छह महीनों के भीतर एक लाख नई सरकारी नौकरियां देने का विस्तृत खाका तैयार किया है। इस वृहद भर्ती अभियान में सबसे बड़ी हिस्सेदारी यूपी पुलिस और होमगार्ड विभाग की होगी, जहां अकेले 77 हजार पदों पर भर्तियां की जाएंगी। इसी क्रम में नागरिक सुरक्षा से जुड़े प्रशासनिक और फील्ड कार्यों को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने के लिए मुख्यमंत्री के निर्देश पर नागरिक सुरक्षा विभाग ने अपने खाली पदों का ब्योरा अंतिम रूप से तैयार कर भर्ती की तैयारी शुरू कर दी है। सरकार के अनुसार, पिछले साढ़े नौ वर्षों के कार्यकाल में प्रदेश में साढ़े नौ लाख से अधिक युवाओं को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं।

नागरिक सुरक्षा विभाग में किस पद पर कितनी होंगी नियुक्तियां? विभाग द्वारा जारी विवरण के अनुसार, कुल 191 रिक्तियों को छह अलग-अलग संवर्गों में विभाजित किया गया है:

  • सहायक उप नियंत्रक (सा.वे.): 104 पद

  • स्टोरमैन: 33 पद

  • कनिष्ठ सहायक (Junior Assistant): 25 पद

  • डिस्पैच राइडर: 14 पद

  • आशुलिपिक (Stenographer): 09 पद

  • भंडार अधीक्षक-द्वितीय: 06 पद

आपात प्रबंधन और प्रशासनिक कामकाज को मिलेगा नया बल नागरिक सुरक्षा विभाग किसी भी प्रकार की आपदा, दुर्घटना या आपात परिस्थितियों में नागरिकों की सुरक्षा और राहत कार्यों में अहम भूमिका निभाता है। वर्तमान में मानव संसाधन की कमी के चलते फील्ड और कार्यालयी स्तर पर आ रही दिक्कतों को इन नियुक्तियों के जरिए दूर किया जाएगा। जहां 104 सहायक उप नियंत्रक विभागीय प्रबंधन और मैदानी समन्वय को मजबूती देंगे, वहीं भंडार अधीक्षक और स्टोरमैन की नियुक्तियों से राहत व बचाव सामग्री का रख-रखाव सुगम होगा। इसके अलावा कनिष्ठ सहायक और आशुलिपिक प्रशासनिक फाइलों और पत्राचार के निस्तारण में सहयोग करेंगे, जबकि डिस्पैच राइडर दस्तावेजों के त्वरित आदान-प्रदान का जिम्मा संभालेंगे।

जल्द जारी होगा आधिकारिक भर्ती विज्ञापन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, इन सभी 191 पदों के लिए आवश्यक योग्यता, आयु सीमा, चयन प्रक्रिया और आवेदन शुल्क से संबंधित विस्तृत अधिसूचना और आधिकारिक विज्ञापन जल्द ही जारी किया जाएगा। इसके बाद इच्छुक और पात्र अभ्यर्थी निर्धारित माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।

 

Check Also

दीपोत्सव 2026: रामपथ पर उतरा आस्था का महाकुंभ, 1 किमी लंबे झांकियों के काफिले को देखने उमड़े लाखों श्रद्धालु; लता मंगेशकर चौक तक ‘जय श्रीराम’ की गूंज

अयोध्या। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की पावन धरा अयोध्या में दीपोत्सव-2026 का उल्लास अपने चरम …