Sunday , 13 September 2026

सीमांचल एक्सप्रेस में रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा: मां की गोद से खिसककर इमरजेंसी खिड़की से गिरा 9 माह का मासूम, ट्रैक किनारे मिला शव

दिल्ली से बिहार जा रही सीमांचल एक्सप्रेस में दिल दहला देने वाली दर्दनाक घटना सामने आई है। ट्रेन के एस-1 (S-1) कोच में अपनी मां के साथ सो रहा 9 महीने का मासूम बच्चा चलती ट्रेन की खुली इमरजेंसी खिड़की से नीचे ट्रैक पर गिर गया। घटना के बाद रेलवे सुरक्षा बल (RPF), जीआरपी (GRP) और स्थानीय पुलिस द्वारा चलाए गए कई घंटों के सघन सर्च ऑपरेशन के बाद शनिवार दोपहर फतेहपुर जिले के फैजुल्लापुर रेलवे स्टेशन के पास मासूम का शव बरामद हुआ। इस हृदयविदारक हादसे के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई और माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।

कानपुर से रवाना होते ही हुआ हादसा पुलिस से प्राप्त विवरण के मुताबिक, बिहार के बेगूसराय जिले के सलोनी गांव निवासी मोहन अपनी पत्नी काजल और 9 माह के बेटे कनिष्क के साथ सीमांचल एक्सप्रेस से दिल्ली से अपने घर लौट रहे थे। उन्हें एस-1 कोच में सीट संख्या 61 और 64 आवंटित थी। शुक्रवार रात ट्रेन जैसे ही कानपुर सेंट्रल से आगे बढ़ी, रात करीब सवा तीन बजे काजल अपनी सास से फोन पर बातचीत खत्म करने के बाद कनिष्क को अपने पास लिटाकर मिडिल बर्थ पर सो गईं। उसी दौरान मोहन कुछ देर के लिए कोच के गेट की तरफ चले गए थे।

सीट पर लौटे पिता तो गायब था बच्चा, खुली मिली इमरजेंसी विंडो तड़के करीब 4:17 बजे जब मोहन अपनी सीट पर वापस पहुंचे, तो वहां का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। पत्नी काजल अकेले सो रही थीं और मासूम कनिष्क बिस्तर से गायब था। मोहन के जगाने पर घबराई काजल ने बताया कि बच्चा तो उनके पास ही सो रहा था। जब दंपति ने आसपास नजर दौड़ाई, तो सीट के ठीक सामने वाली इमरजेंसी खिड़की पूरी तरह खुली हुई मिली।

नींद में लुढ़ककर चलती ट्रेन से नीचे गिरा मासूम दंपति ने आशंका जताई कि गहरी नींद के दौरान बच्चा करवट बदलते हुए पीछे की ओर खिसक गया और खुली खिड़की से सीधे तेज रफ्तार ट्रेन से नीचे जा गिरा। घटना की भनक लगते ही कोच में हड़कंप मच गया। बदहवास माता-पिता ने तुरंत प्रयागराज जीआरपी कंट्रोल को सूचना दी और ट्रेन के प्रयागराज जंक्शन पहुंचते ही नीचे उतर गए।

कानपुर-प्रयागराज ट्रैक पर बड़ा सर्च ऑपरेशन, फैजुल्लापुर में मिला शव मामले की गंभीरता को देखते हुए फतेहपुर के पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देश पर जीआरपी, आरपीएफ और जिले की थानों की पुलिस टीमों ने कानपुर से प्रयागराज रेलखंड के बीच पटरियों के दोनों तरफ बड़े पैमाने पर खोजबीन शुरू की। शनिवार दोपहर फैजुल्लापुर रेलवे स्टेशन के आउटर ट्रैक के पास मासूम कनिष्क का निर्जीव शरीर झाड़ियों में बरामद हुआ। पुलिस ने विधिक प्रक्रिया पूरी करते हुए शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

 

Check Also

राम वनगमन पथ पर निर्माण के तुरंत बाद आईं दरारें, भड़के सीएम योगी; अफसरों व कंपनी पर गिरी गाज, अब 10 से अधिक इंजीनियरों पर गोपनीय जांच की तलवार

 प्रयागराज प्रभु श्रीराम की पावन नगरी अयोध्या को तपोभूमि चित्रकूट से जोड़ने वाली महत्वाकांक्षी परियोजना …