Wednesday , 19 August 2026

दिल्ली जल बोर्ड STP टेंडर घोटाला: पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन समेत 6 गिरफ्तार, ACB का बड़ा एक्शन, रिश्वत और सांठगांठ के गंभीर आरोप

दिल्ली सरकार की एंटी करप्शन ब्रांच (ACB) ने दिल्ली जल बोर्ड (DJB) से जुड़े सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) टेंडर घोटाले में बड़ी कार्रवाई की है। जांच एजेंसी ने आम आदमी पार्टी (AAP) के वरिष्ठ नेता और दिल्ली के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन समेत कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई एसटीपी अपग्रेडेशन टेंडर प्रक्रिया में कथित वित्तीय अनियमितताओं, आपराधिक षड्यंत्र और भारी रिश्वतखोरी के आरोपों के तहत की गई है।

पूर्व मंत्री सहित 6 आरोपी सलाखों के पीछे एसीबी द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों में सत्येंद्र जैन के अलावा दिल्ली जल बोर्ड के पूर्व सीईओ उदित प्रकाश राय, पूर्व कॉन्ट्रैक्चुअल कंसल्टेंट अंकित श्रीवास्तव, एएन इंटरप्राइजेज के प्रोपराइटर नागेंद्र यादव, यूरोटेक इनवायरनमेंट प्राइवेट लिमिटेड के मालिक राजा कुमार कुर्रा और श्रीजंहार के प्रोपराइटर पंकज वर्मा शामिल हैं।

मई 2024 की एफआईआर पर हुई कार्रवाई यह पूरा मामला दिल्ली सरकार के डायरेक्टरेट ऑफ विजिलेंस की शिकायत पर मई 2024 में दर्ज एफआईआर संख्या 10 से जुड़ा है। एसीबी पुलिस स्टेशन में प्रिवेंशन ऑफ करप्शन एक्ट (संशोधित 2018) की विभिन्न धाराओं और आईपीसी की धारा 420, 409, 418 व 120-B के तहत केस दर्ज किया गया था। आरोप है कि दिल्ली जल बोर्ड के एसटीपी को अपग्रेड करने और क्षमता विस्तार के टेंडर में नियमों को ताक पर रखकर बड़े पैमाने पर गड़बड़ियां की गईं।

खास कंपनी को लाभ पहुंचाने के लिए टेंडर शर्तों में हेरफेर जांच एजेंसी के अनुसार, टेंडर की तकनीकी शर्तों और स्पेसिफिकेशन्स में जानबूझकर ऐसे बदलाव किए गए जिससे यूरोटेक इनवायरनमेंट प्राइवेट लिमिटेड को सीधा फायदा पहुंचे और अन्य प्रतिस्पर्धी कंपनियां दौड़ से बाहर हो जाएं। टेंडर जारी करने से पहले प्रस्तावित पायलट स्टडी भी नहीं कराई गई, जिससे सरकारी खजाने को भारी वित्तीय नुकसान पहुंचा।

ई-मेल और डिजिटल सबूतों से खुली सांठगांठ की पोल एसीबी द्वारा जुटाए गए इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और ई-मेल के विश्लेषण में सरकारी अफसरों, बिचौलियों और निजी व्यक्तियों के बीच मिलीभगत का पर्दाफाश हुआ है। जांच में सामने आया कि टेंडर की शर्तें, तकनीकी दस्तावेज और शुद्धिपत्र (Corrigendum) पहले ही आपस में साझा कर लिए गए थे, जिन्हें बाद में आधिकारिक टेंडर में शामिल किया गया।

1.52 करोड़ रुपये की रिश्वत का खुलासा जांच में तत्कालीन सीईओ उदित प्रकाश राय को लेकर गंभीर वित्तीय लेनदेन सामने आया है। एसीबी के अनुसार, यूरोटेक से जुड़ी इकाइयों द्वारा एएन इंटरप्राइजेज के जरिए उदित प्रकाश राय और उनके रिश्तेदारों के खातों में करीब 1.52 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए गए। आरोप है कि यह रकम टेंडर प्रक्रिया में लाभ पहुंचाने के बदले रिश्वत के रूप में दी गई और बाद में इसका उपयोग अचल संपत्ति खरीदने में किया गया।

सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी पर सियासी घमासान गिरफ्तारी के बाद आम आदमी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है। पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इसे तानाशाही और फर्जी केस करार देते हुए कहा कि पार्टी सत्येंद्र जैन के साथ मजबूती से खड़ी है। वहीं पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने आरोप लगाया कि आगामी राजनीतिक परिदृश्यों से पहले जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर विपक्षी नेताओं को प्रताड़ित करने का प्रयास किया जा रहा है।

 

Check Also

बेंगलुरु के चिक्काबनावारा में सनसनीखेज दोहरा हत्याकांड: प्रेमी के साथ मिलकर पति और 4 साल के मासूम बेटे की हत्या, पत्नी समेत दोनों आरोपी गिरफ्तार

बेंगलुरु के चिक्काबनावारा इलाके में दिल दहला देने वाले दोहरे हत्याकांड का पर्दाफाश हुआ है। …