
बेंगलुरु के चिक्काबनावारा इलाके में दिल दहला देने वाले दोहरे हत्याकांड का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने 26 वर्षीय महिला ए हरिणी और उसके प्रेमी विनय कुमार को पति अभिनंदन और 4 वर्षीय बेटे यदुवीर की निर्मम हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। अदालत ने मामले की गहन तफ्तीश के लिए दोनों आरोपियों को 5 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
कंट्रोल रूम को कॉल कर रची थी झूठी कहानी मामले का खुलासा सोमवार सुबह करीब 7 बजे हुआ जब आरोपी महिला हरिणी ने खुद पुलिस कंट्रोल रूम में फोन कर सूचना दी कि उसका पति और बेटा बिस्तर पर बेसुध पड़े हैं। मौके पर पहुंची पुलिस को दोनों मृत मिले। शुरुआती जांच में सामने आया कि अभिनंदन की हत्या पहले की गई थी। इस दौरान चार साल के मासूम यदुवीर ने अपने पिता पर हो रहे हमले को देख लिया था। राज खुलने के डर से महिला ने कथित तौर पर अपने ही जिगर के टुकड़े का गला घोंटकर उसे मौत के घाट उतार दिया। साजिश को नया मोड़ देने के लिए पति के शव को बच्चे के ऊपर रख दिया गया, ताकि मामला पिता द्वारा बेटे की हत्या के बाद आत्महत्या जैसा नजर आए।
सोशल मीडिया पर हुई थी दोस्ती, रात 11 बजे प्रेमी को घर बुलाया पुलिस जांच के अनुसार, हरिणी और फैक्ट्री कर्मचारी विनय कुमार की मुलाकात करीब दो साल पहले सोशल मीडिया के जरिए हुई थी। योजना के तहत रविवार रात करीब 11 बजे हरिणी ने विनय को घर के अंदर बुलाया। विनय पहले से बाहर इशारे का इंतजार कर रहा था और घर में घुसने से पहले उसने अपना मोबाइल फोन स्विच ऑफ कर लिया था।
बाथरूम में पति पर हमला, मासूम ने देख ली थी वारदात वारदात की शुरुआत तब हुई जब अभिनंदन बाथरूम में था। दोनों आरोपियों ने अचानक उस पर हमला कर दिया और उसका सिर कई बार दीवार से पटका। इसके बाद विनय ने कथित तौर पर उसका गला घोंट दिया। पिता की चीख-पुकार सुनकर चार वर्षीय यदुवीर की नींद खुल गई और वह बाथरूम की तरफ दौड़ पड़ा। पिता को खून से लथपथ देख मासूम चीखने लगा। उस वक्त हरिणी बच्चे को जबरन बेडरूम में ले गई और धमकाकर सुलाने की कोशिश की। इसके बाद दोनों ने अभिनंदन के शव को बेडरूम में लाकर बिस्तर पर लिटाया और बाद में बच्चे की भी जान ले ली।
सीसीटीवी बंद कर मिटाए गए डिजिटल सबूत, बयानों में उलझी आरोपी पुलिस को हरिणी के बयानों में भारी विरोधाभास नजर आया। फॉरेंसिक जांच में घर के भीतर खून के धब्बे मिले, जबकि खून से सने कपड़े धोकर सूखने के लिए डाले गए थे। जांच में यह भी सामने आया कि घर के सभी सीसीटीवी कैमरे रविवार रात 10 बजे के बाद जानबूझकर बंद कर दिए गए थे। इतना ही नहीं, हरिणी ने अपने मोबाइल से व्हाट्सएप मैसेज, कॉल हिस्ट्री और तस्वीरें भी डिलीट कर दी थीं। कड़ाई से पूछताछ करने पर पूरी साजिश का पर्दाफाश हो गया।
voice of india