लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के पॉश इलाके हजरतगंज में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब शुक्रवार सुबह एक महिला पार्क रोड पर स्थित एक ऊंचे टावर पर चढ़ गई। महिला काफी देर तक टावर के स्टील प्लेटफॉर्म पर बैठकर चिल्लाती रही और नीचे खड़े लोग व पुलिस हैरान-परेशान देखते रहे। टावर के नीचे उसका नाबालिग बेटा खड़ा था। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।
आगरा पुलिस पर मारपीट और रुपए छीनने का गंभीर आरोप
टावर पर चढ़ी महिला की पहचान आगरा के कैंट क्षेत्र (श्याम विहार छोटी कॉलोनी) निवासी तुलसा के रूप में हुई है। पीड़िता का आरोप है कि आगरा में उसने अपने नाबालिग बच्चों को रेलवे स्टेशन पर कुछ सामान खरीदने भेजा था। वहां तैनात पुलिसकर्मियों ने मासूम बच्चों पर चोरी का झूठा आरोप लगाकर उनकी बेरहमी से पिटाई कर दी, जेब से 2 हजार रुपये छीन लिए और मोबाइल फोन भी तोड़ दिया। तुलसा का कहना है कि जब उसने इस जुल्म का विरोध किया, तो पुलिसकर्मियों ने उसे भी झूठे मुकदमे में जेल भेजने की धमकी दे डाली।
CM योगी आदित्यनाथ से न्याय मांगने लखनऊ पहुंची थी महिला
आगरा पुलिस के इस रवैये और अत्याचार से तंग आकर महिला अपने नाबालिग बेटे के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर अपनी शिकायत दर्ज कराने लखनऊ पहुंची थी। जब उसे अपनी बात ऊपर तक पहुंचाने का कोई रास्ता नहीं सूझा, तो उसने अपनी आवाज उठाने के लिए पार्क रोड पर बने टावर पर चढ़कर प्रदर्शन करने का कदम उठाया।
फायर ब्रिगेड और हजरतगंज पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित उतारा
जैसे ही स्थानीय लोगों ने महिला को टावर पर चढ़ा देखा, तुरंत हजरतगंज पुलिस को सूचना दी। हजरतगंज इंस्पेक्टर विक्रम सिंह तुरंत पुलिस बल और फायर ब्रिगेड की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों और दमकल कर्मियों ने काफी देर तक महिला को समझाया-बुझाया और न्याय दिलाने का भरोसा दिया। इसके बाद फायर ब्रिगेड की मदद से महिला को टावर से सुरक्षित नीचे उतारा गया। पुलिस का कहना है कि महिला के बयानों और आरोपों की जानकारी आगरा के संबंधित अधिकारियों को भेजी जा रही है और मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी।
तस्वीरें देखिए-



voice of india
