Thursday , 30 July 2026

इटावा में जमीन के झगड़े में रिटायर्ड सुरक्षाकर्मी की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या, मुठभेड़ में आरोपी भाई के दोनों पैरों में लगी गोली

इटावा। उत्तर प्रदेश के इटावा जिले से खूनी रंजिश की एक बड़ी खबर सामने आई है। थाना बकेवर क्षेत्र के चिकनी गांव में जमीन के मामूली विवाद ने ऐसा खौफनाक रूप ले लिया कि चचेरे भाई ने अपने ही भाई की कुल्हाड़ी से काटकर बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद भाग रहे आरोपी को पुलिस ने महज कुछ ही घंटों के भीतर हाफ एनकाउंटर के बाद दबोच लिया। मुठभेड़ में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी है। वहीं दूसरी ओर, मृतक के परिजनों ने पुलिस पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।

मकान निर्माण को लेकर चल रहा था विवाद

जानकारी के मुताबिक, चिकनी गांव निवासी विनय कुमार शर्मा (रिटायर्ड सिक्योरिटी गार्ड) अपनी पुश्तैनी जमीन पर मकान का निर्माण करवा रहे थे। इसी बात को लेकर उनका चचेरा भाई राजकुमार उनसे रंजिश रखता था और लगातार काम रोकने का दबाव बना रहा था। मंगलवार को जैसे ही विनय घर से बाहर निकले, पहले से घात लगाए बैठे राजकुमार ने उन्हें घेर लिया और कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर उनकी निर्मम हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गया।

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपी को दबोचा, पैर में लगी गोली

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस अधीक्षक देहात श्रीशचंद्र ने बताया कि आरोपी की तलाश में कई टीमों को लगाया गया था। पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी भागने की फिराक में है, जिसके बाद पुलिस टीम ने उसे घेरकर आत्मसमर्पण करने को कहा। खुद को घिरा देख आरोपी राजकुमार ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की ओर से की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लग गई और वह वहीं गिर पड़ा। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी, एक तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं।

परिजनों का फूटा गुस्सा: ’15 दिन पहले दी थी शिकायत, पुलिस ने नहीं की कार्रवाई’

वारदात के बाद मृतक के परिजनों में भारी आक्रोश देखने को मिला। परिजनों ने बकेवर पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और प्रशासनिक लापरवाही का आरोप लगाया। मृतक के परिवार की महिला उमा देवी ने रोते हुए बताया कि आरोपी लगातार जान से मारने की धमकी दे रहा था। 15 दिन पहले ही विनय कुमार ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी और खुद की जान का खतरा जताया था। परिजनों का सीधा आरोप है कि अगर समय रहते बकेवर पुलिस कार्रवाई कर देती, तो आज विनय की जान बच जाती।

पुलिस अधिकारियों ने दिया जांच का आश्वासन

घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों द्वारा पुलिस पर लगाए गए लापरवाही के आरोपों पर पुलिस अधीक्षक देहात का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्षता से जांच की जा रही है और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

Check Also

अच्छा नहीं कर रहे बच्चों को स्मार्टफोन देने वाले अभिभावक : मुख्यमंत्री

*गोरखनाथ मंदिर में आयोजित गुरु पूर्णिमा महोत्सव एवं श्रीराम कथा विश्राम अवसर पर सीएम योगी …