ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा के दनकौर थाना क्षेत्र में एक बेहद दर्दनाक और संदिग्ध हादसा सामने आया है। यहां ग्राम भट्टा पुलिया के पास एक महिंद्रा थार अनियंत्रित होकर गहरे नहर (रजवाहे) में जा गिरी। इस हादसे में थार सवार 30 वर्षीय महिला रीना की डूबने से मौत हो गई, जबकि उनके पति की जान बाल-बाल बच गई। घटना के बाद मृतका के मायके वालों ने पति पर गंभीर आरोप लगाते हुए इसे हादसा नहीं बल्कि सोची-समझी हत्या करार दिया है, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद गहरा गया है।
नोएडा पुलिस के मुताबिक, डायल-112 पर सूचना मिली थी कि गाड़ी (रजिस्ट्रेशन नंबर UP16EF4073) नहर में गिर गई है। दनकौर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों की मदद से महिला को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पति ने बताया नियंत्रण बिगड़ने से हुआ हादसा
मृतका के पति मोहित ने पुलिस को दी सफाई में बताया कि वे अपनी पत्नी रीना के साथ मथुरा से दर्शन कर वापस लौट रहे थे। पुलिस चेकपोस्ट के पास अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया और थार सीधे नहर में जा गिरी। मोहित के अनुसार, वे किसी तरह खिड़की से बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन रीना गहरे पानी में फंस गईं और डूब गईं।
भाई का सनसनीखेज आरोप: तलाक का बना रहे थे दबाव, निष्पक्ष जांच की मांग
दूसरी ओर, मृतका के भाई सोनू शर्मा (निवासी खारोल गांव, बुलंदशहर) ने इसे साधारण दुर्घटना मानने से साफ इनकार कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बहन की शादी करीब 6 साल पहले हुई थी और उनका एक 5 साल का बेटा भी है। पिछले 15-20 दिनों से पति लगातार रीना पर तलाक देने का दबाव बना रहे थे। भाई का दावा है कि साजिश के तहत थार को नहर में गिराकर उनकी बहन को जानबूझकर डुबोया गया है। परिजनों ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पोस्टमार्टम और सीसीटीवी फुटेज से खुलेगा राज
घटना के बाद पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दनकौर कोतवाली प्रभारी ने बताया कि परिजनों की शिकायत और बयानों के आधार पर मामले की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों (CCTV), तकनीकी साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी।
voice of india
