Saturday , 11 July 2026

आसमान में खौफनाक मंजर: रायनएयर के बोइंग विमान की टूटी खिड़की, हवा में खिंचा चला गया यात्री, पत्नी ने पैर पकड़कर बचाई जान

एथेंस/बर्लिन: आसमान में सफर के दौरान एक बार फिर बड़ा हादसा होते-होते बचा। ग्रीस से जर्मनी जा रहे रायनएयर के एक बोइंग 737 विमान में उड़ान के दौरान अचानक केबिन की खिड़की टूट गई। खिड़की टूटते ही केबिन का दबाव कम हो गया और खिड़की के पास बैठा एक 61 वर्षीय यात्री तेज हवा के झोंके के साथ बाहर की तरफ खिंचने लगा। गनीमत रही कि यात्री ने सीट बेल्ट पहन रखी थी और उसकी पत्नी ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत उसके पैर पकड़ लिए, जिससे उसकी जान बच गई। एयरलाइन ने इस खौफनाक घटना की पुष्टि की है। हादसे के बाद विमान को सुरक्षित रूप से वापस हवाई अड्डे पर उतारा गया है।

यह रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना ग्रीस के थेसालोनिकी से जर्मनी के मेमिंगेन जा रही फ्लाइट संख्या FR1879 में हुई। इस फ्लाइट का संचालन माल्टा एयर द्वारा रायनएयर के लिए किया जा रहा था। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, विमान ने जैसे ही टेक-ऑफ किया, उसके कुछ ही देर बाद उसमें गंभीर तकनीकी खराबी आ गई। कुछ रिपोर्टों में यह भी दावा किया जा रहा है कि विमान के इंजन से निकले मलबे का एक टुकड़ा तेज गति से फ्यूजलेज (विमान की बॉडी) से टकराया, जिसके प्रभाव से केबिन की एक खिड़की पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

केबिन में मची अफरातफरी, हवा में लटके ऑक्सीजन मास्क

खिड़की टूटने के बाद हवा के भारी दबाव और अचानक आए बदलाव के कारण वहां बैठे सर्बियाई मूल के 61 वर्षीय यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। विमान के अंदर का नजारा बेहद डरावना था, केबिन का प्रेशर कम होते ही विमान में लगे ऑक्सीजन मास्क अपने आप नीचे आ गए और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। सोशल मीडिया पर इस घटना के वायरल हो रहे वीडियो में क्षतिग्रस्त खिड़की को साफ देखा जा सकता है। घायल यात्री को विमान की इमरजेंसी लैंडिंग के बाद सदमे और चोटों की स्थिति में तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अगर यात्री ने सीट बेल्ट न बांधी होती और सह-यात्रियों ने मदद न की होती, तो बड़ा हादसा हो सकता था।

रायनएयर का बयान, यात्रियों के लिए दूसरे विमान का इंतजाम

इस गंभीर घटना पर आधिकारिक बयान जारी करते हुए रायनएयर ने कहा कि थेसालोनिकी से मेमिंगेन जा रही उड़ान टेक-ऑफ के कुछ ही समय बाद यात्री की खिड़की क्षतिग्रस्त होने के कारण एहतियात के तौर पर सुरक्षित रूप से वापस थेसालोनिकी लौट आई। एयरलाइन ने इस असुविधा के लिए खेद जताते हुए प्रभावित यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचाने के लिए एक वैकल्पिक विमान की व्यवस्था की। एयरलाइन ने स्पष्ट किया है कि खिड़की टूटने के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए एक उच्च स्तरीय जांच शुरू कर दी गई है।

विमान निर्माता कंपनी बोइंग भी आई एक्शन में

हाल के दिनों में तकनीकी गड़बड़ियों को लेकर चर्चा में रही विमान निर्माता कंपनी बोइंग भी इस घटना के बाद अलर्ट मोड पर है। बोइंग ने बयान जारी कर कहा है कि उन्हें इस घटना की पूरी जानकारी है और वे इस संबंध में रायनएयर के लगातार संपर्क में हैं। हालांकि, अभी तक आधिकारिक तौर पर यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि खिड़की इंजन के मलबे से टूटी या इसके पीछे कोई और तकनीकी वजह थी। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Check Also

होर्मुज जलडमरूमध्य पर अमेरिका का ईरान को अल्टीमेटम, ओमान वार्ता पर टिकीं दुनिया की नजरें, ट्रंप बोले- ‘युद्धविराम खत्म’

वॉशिंगटन/तेहरान: मध्य पूर्व (Middle East) में एक बार फिर युद्ध के बादल मंडराने लगे हैं। …