Sunday , 8 November 2026

लखनऊ में शादी के 5 महीने बाद नवविवाहिता की संदिग्ध मौत: फ्लैट में फंदे से लटका मिला शव, पति समेत 6 पर दहेज हत्या का केस दर्ज, कार के लिए. ..

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के पॉश इलाके इंदिरानगर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां शादी के महज पांच महीने बाद ही एक नवविवाहिता का संसार उजड़ गया। शिवाजीपुरम इलाके में एक किराए के फ्लैट में रह रही 24 वर्षीय विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला। इस घटना के बाद से ही मृतका के मायके में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों ने पति और उसके पूरे परिवार पर कार और कैश के लिए प्रताड़ित करने और हत्या के बाद शव को फंदे पर लटकाने का सनसनीखेज आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मुख्य आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है।

डिप्टी मैनेजर पति के साथ रहती थी सोनाली, बक्सर से जुड़ा है मायका

मृतका की पहचान बिहार के बक्सर जिले की रहने वाली सोनाली (24 वर्ष) के रूप में हुई है। सोनाली की शादी इसी साल फरवरी में बिहार के ही भोजपुर जिले के रहने वाले कमलाकांत मिश्रा से हुई थी। कमलाकांत लखनऊ के एक निजी बैंक में डिप्टी मैनेजर के पद पर कार्यरत है और शादी के बाद से दोनों इंदिरानगर के शिवाजीपुरम में किराए का फ्लैट लेकर रह रहे थे। भाई अभिषेक के मुताबिक, सोनाली अभी बीते 28 जून को ही अपने मायके से वापस लखनऊ लौटी थी और महज 6 दिन बाद ही यानी 4 जुलाई को उसकी मौत की खबर आ गई।

‘अस्पताल ले जाने से पहले खिंचाई फोटो’, भाई ने लगाए बेहद संगीन आरोप

शनिवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि शिवाजीपुरम स्थित फ्लैट में एक महिला ने फांसी लगा ली है। पति कमलाकांत उसे फंदे से नीचे उतारकर तुरंत अस्पताल ले गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं रविवार को बिहार से लखनऊ पहुंचे मृतका के भाई अभिषेक ने इंदिरानगर थाने में तहरीर देकर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का दावा है कि शादी में 15 लाख रुपये नकद, लाखों का फर्नीचर और सारा सामान दिया गया था, लेकिन इसके बाद भी ससुराल वाले कार और अतिरिक्त नकदी की मांग को लेकर सोनाली को मानसिक और शारीरिक रूप से टॉर्चर कर रहे थे। परिजनों ने एक चौंकाने वाला आरोप यह भी लगाया कि अस्पताल ले जाने से पहले पति ने शव के साथ तस्वीरें भी खिंचवाई थीं, जो पूरे मामले को संदिग्ध बनाती हैं।

ससुराल पक्ष के 6 लोगों पर केस दर्ज, फॉरेंसिक जांच पर टिकी नजरें

घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए इंदिरानगर पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया है। पुलिस ने मृतका के भाई की तहरीर पर पति कमलाकांत मिश्रा, सास, ससुर, जेठ, जेठानी और ननद समेत कुल 6 लोगों के खिलाफ दहेज हत्या (Dowry Death) की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।

पुलिस उपायुक्त के मुताबिक, शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। घटनास्थल से फॉरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए हैं। मौत की असली वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

Check Also

दीपोत्सव 2026: रामपथ पर उतरा आस्था का महाकुंभ, 1 किमी लंबे झांकियों के काफिले को देखने उमड़े लाखों श्रद्धालु; लता मंगेशकर चौक तक ‘जय श्रीराम’ की गूंज

अयोध्या। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की पावन धरा अयोध्या में दीपोत्सव-2026 का उल्लास अपने चरम …