![]()
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के बहुचर्चित रियल एस्टेट कारोबारी संदीप सिंह हत्याकांड में उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (UP STF) को एक बड़ी कामयाबी हासिल हुई है। एसटीएफ की टीम ने शनिवार सुबह एक लाख रुपये के इनामी मुख्य शूटर संजय उर्फ संजीव को मुठभेड़ (Encounter) में ढेर कर दिया है। PGI थाना क्षेत्र में हुई इस दिनदहाड़े हत्या के बाद से ही यह शातिर शूटर पुलिस और एसटीएफ के लिए एक बड़ा चैलेंज बना हुआ था, जिसे आज सुबह लखनऊ के इंदिरा कैनाल रोड इलाके में मार गिराया गया।
इंदिरा कैनाल रोड पर घेराबंदी, शूटर ने पुलिस पर की ताबड़तोड़ फायरिंग
एसटीएफ के एडिशनल एसपी दीपक सिंह से मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि संदीप सिंह हत्याकांड को अंजाम देने वाला मुख्य शूटर संजय उर्फ संजीव इंदिरा कैनाल रोड क्षेत्र के आसपास किसी बड़ी साजिश को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा है। इस इनपुट के आधार पर एसटीएफ की टीम ने तत्काल इलाके की घेराबंदी शुरू की। खुद को पुलिस से घिरा देख शातिर शूटर संजय ने बचने की कोशिश की और एसटीएफ की टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग झोंक दी।
लोहिया संस्थान में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत, अंबेडकरनगर का था निवासी
शूटर की तरफ से हुई इस दुस्साहसिक फायरिंग के बाद एसटीएफ की टीम ने भी आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की। दोनों तरफ से हुई इस सीधी मुठभेड़ के दौरान पुलिस की गोली लगने से शूटर संजय गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। एसटीएफ ने उसे तुरंत अपनी कस्टडी में लिया और इलाज के लिए लखनऊ के डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान (लोहिया अस्पताल) ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मारा गया शूटर संजय उर्फ संजीव पुत्र हरीराम, मूल रूप से अंबेडकरनगर जिले के अहिरौली थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम चक कोदार का रहने वाला था।
रियल एस्टेट कारोबारी की दिनदहाड़े हत्या, दिनेश यादव ने रची थी साजिश
बता दें कि बीते 27 मई को पीजीआई थाना क्षेत्र में प्रॉपर्टी डीलर और रियल एस्टेट कारोबारी संदीप सिंह की दिनदहाड़े गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी गई थी। इस सनसनीखेज वारदात के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज में दो शूटर साफ तौर पर संदीप पर गोलियां बरसाते नजर आए थे। पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया था कि इस पूरे हत्याकांड की साजिश एक अन्य रियल एस्टेट कारोबारी दिनेश यादव ने रची थी। इस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस साजिशकर्ता दिनेश यादव, उसके ड्राइवर मुकरबीन और सहयोगी मुबीन को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी थी, लेकिन शूटर फरार चल रहे थे।
खान मुबारक गैंग से जुड़े थे तार, कई जिलों में दर्ज थे संगीन मुकदमे
एसटीएफ के आधिकारिक रिकॉर्ड के मुताबिक, मुठभेड़ में मारा गया शूटर संजय उर्फ संजीव यूपी के जरायम जगत का एक कुख्यात नाम था। वह अंबेडकरनगर, बस्ती, सुल्तानपुर और अयोध्या समेत पूर्वांचल के कई जिलों में हत्या, लूट और रंगदारी जैसे कई गंभीर अपराधों में लंबे समय से वांछित (Wanted) चल रहा था। संजय के तार अंबेडकरनगर के कुख्यात अपराधी दिलीप वर्मा और अंडरवर्ल्ड से जुड़े रहे खान मुबारक गैंग से सीधे जुड़े हुए थे। उसने इन गैंग्स के इशारे पर पहले भी कई बड़ी वारदातों को अंजाम दिया था, जिसके चलते पुलिस ने उस पर एक लाख रुपये का भारी-भरकम इनाम घोषित कर रखा था।
voice of india