बेंगलुरु। कर्नाटक की राजधानी और देश की ‘सिलिकॉन वैली’ कहे जाने वाले बेंगलुरु शहर से एक के बाद एक तीन ऐसे खौफनाक मामले सामने आए हैं, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। महज कुछ ही घंटों के भीतर शहर के अलग-अलग कोनों में तीन महिलाओं को मौत के घाट उतार दिया गया। चौंकाने वाली बात यह है कि इन तीनों ही जघन्य हत्याओं के पीछे की वजह सिर्फ और सिर्फ अंधा प्यार, शक का मर्ज और वैवाहिक कलह है। एक झटके में हुए इन तीन कत्लों से पूरी फाईनेंशियल सिटी दहल उठी है और स्थानीय लोग खौफ में हैं।
मल्लेश्वरम में लिव-इन पार्टनर का दर्दनाक अंत, वकील को फोन कर बोला- ‘मैंने उसे मार डाला’
दिल दहला देने वाली पहली घटना बेंगलुरु के मल्लेश्वरम इलाके की है। यहां महज 27 साल के एक सनकी युवक पर अपनी 20 वर्षीय लिव-इन पार्टनर की बेरहमी से गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगा है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक लड़की की पहचान अनुषा और आरोपी की पहचान शरत के रूप में हुई है। दोनों की मुलाकात कुछ समय पहले सोशल मीडिया के जरिए हुई थी, जो धीरे-धीरे प्यार में बदल गई। पिछले छह महीनों से दोनों मल्लेश्वरम में एक साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे।
शनिवार की रात किसी बेहद निजी और घरेलू बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई। बहस देखते ही देखते इतनी हिंसक हो गई कि शरत ने आपा खो दिया और अनुषा का गला तब तक दबाए रखा जब तक उसकी सांसें थम नहीं गईं। इस खूनी वारदात का खुलासा तब हुआ जब आरोपी ने खुद अपने वकील को फोन कर मर्डर की बात कबूली। वकील ने बिना वक्त गंवाए फौरन पुलिस को इत्तला दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आरोपी शरत को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।
सिक्किम की 22 वर्षीय युवती को प्रेमी ने चाकुओं से गोदा, वफादारी पर शक ने बनाया हत्यारा
अभी पुलिस मल्लेश्वरम के मामले की तफ्तीश में जुटी ही थी कि शहर से हत्या की एक और दूसरी वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। यहां सिक्किम की रहने वाली एक 22 वर्षीय युवती को उसके ही प्रेमी ने मौत के घाट उतार दिया। पुलिस की शुरुआती जांच में जो सच सामने आया है, वो बेहद डरावना है। बताया जा रहा है कि प्रेमी को अपनी प्रेमिका के चरित्र पर शक था और उसे अंदेशा था कि युवती का किसी अन्य व्यक्ति के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी झड़प हुई और गुस्से में पागल युवक ने चाकू निकालकर युवती पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। खून से लथपथ युवती ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए हत्यारे प्रेमी को हिरासत में ले लिया है।
समझौते की जिद और इनकार पर मौत का तांडव, होमगार्ड पत्नी को पति ने सरेआम काटा
क्राइम के इस खूनी सिलसिले की तीसरी वारदात और भी ज्यादा दर्दनाक है। बेंगलुरु में तैनात एक 34 वर्षीय होमगार्ड महिला की उसके ही पति ने चाकू से गोदकर हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, इस पति-पत्नी के बीच लंबे समय से घरेलू और वैवाहिक विवाद चल रहा था, जिससे परेशान होकर महिला अपने बच्चों को लेकर मायके में रह रही थी। वारदात वाले दिन आरोपी पति समझौते की बात करने और उसे वापस ले जाने के बहाने आया था। जब पत्नी ने उसके साथ वापस लौटने से साफ इनकार कर दिया, तो आगबबूला होकर पति ने उस पर धारदार चाकू से हमला बोल दिया। चीख-पुकार सुनकर जब तक लोग जुटते, महिला दम तोड़ चुकी थी।
एक ही शहर में चंद घंटों के भीतर हुई इन तीन बड़ी वारदातों ने समाज में रिश्तों की मर्यादा और सहनशीलता पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। प्यार, लिव-इन और शादी जैसे पवित्र धागों का ऐसा खूनी अंजाम देखकर हर कोई हैरान है।
voice of india
