लखनऊ। राजधानी लखनऊ का मड़ियांव इलाका रविवार की शाम गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा। भिटौली चौराहे के पास स्थित एक मशहूर ढाबे के संचालक को बेखौफ बदमाशों ने सिर में गोली मार दी और हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। लहूलुहान हालत में संचालक को तुरंत अस्पताल (ट्रॉमा सेंटर) भेजा गया है, जहां उनकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। सनसनीखेज वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पुलिस के आला अधिकारियों समेत फॉरेंसिक और फील्ड यूनिट की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
दुकान के सामने लड़ रहे मनबढ़ों का वीडियो बनाने पर भड़के बदमाश, गल्ले पर मारी गोली
शुरुआती जांच में जो वजह सामने आई है, वह बेहद हैरान करने वाली है। बताया जा रहा है कि भिटौली चौराहे पर स्थित ‘यादव ढाबा एंड रेस्टोरेंट’ के ठीक सामने कुछ मनबढ़ युवक आपस में झगड़ा और मारपीट कर रहे थे। ढाबा संचालक विजय यादव अपने गल्ले पर बैठे थे और उन्होंने बाहर हो रहे इस हंगामे का अपने मोबाइल से वीडियो बनाना शुरू कर दिया। यह बात दबंगों को इतनी नागवार गुजरी कि वे सीधे ढाबे के अंदर घुस आए। विजय कुछ समझ पाते, इससे पहले ही बाइक सवार बदमाशों ने उनके सिर को निशाना बनाकर बेहद करीब से गोली दाग दी। गोली लगते ही विजय लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े और आरोपी मौके से भाग निकले।
डीसीपी उत्तरी समेत भारी पुलिस बल मौके पर, फील्ड यूनिट ने जुटाए वैज्ञानिक साक्ष्य
वारदात के बाद भिटौली चौराहे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मूल रूप से सैरपुर थाना क्षेत्र के तरहिया निवासी विजय यादव (पुत्र हनुमान यादव) पिछले कई सालों से यहां ढाबा चला रहे हैं। सरेशाम हुई इस वारदात की जानकारी मिलते ही डीसीपी उत्तरी (Northern Zone) और एडीसीपी समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। फॉरेंसिक और फील्ड यूनिट की टीम ने घटनास्थल को सील करके वहां से खून के नमूने और खोखे जैसे महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य बटोरे हैं।
सीसीटीवी कैमरों पर टिकी पुलिस की निगाहें, बदमाशों की धरपकड़ के लिए बनाई गई कई टीमें
मड़ियांव पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें अब इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं, ताकि बदमाशों की बाइक का नंबर और उनका हुलिया साफ हो सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की धरपकड़ के लिए कई टीमों को अलग-अलग इलाकों में रवाना किया गया है। पुलिस पुरानी रंजिश, लेन-देन और मौके पर हुए विवाद समेत कई बिंदुओं को केंद्र में रखकर तफ्तीश को आगे बढ़ा रही है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
voice of india
