Monday , 14 September 2026

BPSC TRE-4 Notification Released: बिहार में 32,388 शिक्षक पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी, 11वीं-12वीं में बंपर वैकेंसी; देखें कक्षावार पदों की डिटेल

बिहार में शिक्षक बनने का सपना देख रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए बहुप्रतीक्षित खुशखबरी सामने आ गई है। बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने चौथे चरण की शिक्षक नियुक्ति परीक्षा (TRE-4) का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। आयोग द्वारा जारी इस अधिसूचना के तहत राज्यभर के विद्यालयों में कुल 32,388 पदों पर शिक्षकों की बहाली की जाएगी। लंबे समय से विज्ञापन का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए यह बड़ा अवसर है।

किस वर्ग के लिए कितनी रिक्तियां? देखें पूरा विवरण

BPSC TRE-4 भर्ती अभियान के तहत प्राथमिक से लेकर उच्च माध्यमिक स्तर तक नियुक्तियां की जाएंगी। इसमें सबसे बड़ा हिस्सा उच्च माध्यमिक यानी 11वीं और 12वीं कक्षा के शिक्षकों का है।

  • प्राथमिक शिक्षक (कक्षा 1 से 5): 3,847 पद

  • मध्य विद्यालय शिक्षक (कक्षा 6 से 8): 8,563 पद

  • माध्यमिक शिक्षक (कक्षा 9 से 10): 3,877 पद

  • उच्च माध्यमिक शिक्षक (कक्षा 11 से 12): 16,101 पद

  • कुल पदों की संख्या: 32,388 पद

शिक्षा व्यवस्था में सुधार और रोजगार के नए अवसर

उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी TRE-4 भर्ती प्रक्रिया को लेकर स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा था कि शिक्षा विभाग ने समय पर रिक्तियों की अधियाचना BPSC को भेज दी थी। सरकार का मुख्य उद्देश्य युवाओं को पारदर्शी तरीके से रोजगार उपलब्ध कराना और सरकारी विद्यालयों में शिक्षकों की कमी को दूर कर बुनियादी शिक्षा के स्तर को ऊपर उठाना है।

लंबे समय से आंदोलनरत थे अभ्यर्थी, अब मिली राहत

TRE-4 के विज्ञापन में हो रही देरी को लेकर अभ्यर्थी लगातार अपनी आवाज उठा रहे थे। छात्र नेता दिलीप कुमार के नेतृत्व में अभ्यर्थियों ने राजधानी पटना के गर्दनीबाग धरना स्थल पर प्रदर्शन कर नोटिफिकेशन जल्द जारी करने और परीक्षा प्रक्रियाओं में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग रखी थी। इसके साथ ही प्रतियोगी छात्र BSSC, लाइब्रेरियन बहाली, BET, दरोगा और सिपाही भर्ती परीक्षाओं को लेकर भी सक्रिय हैं। अब आयोग द्वारा विज्ञापन जारी किए जाने के बाद अभ्यर्थियों ने राहत की सांस ली है और तैयारी तेज कर दी है।

उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि, पात्रता मानदंड, विषयवार रोस्टर और परीक्षा कार्यक्रम से जुड़े विस्तृत विवरण के लिए BPSC के आधिकारिक पोर्टल पर जारी अधिसूचना का सावधानीपूर्वक अवलोकन करें।

 

Check Also

TMC में वर्चस्व की जंग: पार्टी सिंबल और नियंत्रण पर चुनाव आयोग का अंतरिम आदेश से इनकार, ममता गुट को मिला अतिरिक्त समय

नई दिल्ली। तृणमूल कांग्रेस (TMC) के सांगठनिक नियंत्रण और आधिकारिक अधिकार को लेकर जारी सियासी …