
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में रविवार देर शाम मौसम ने अचानक करवट बदली और राजधानी लखनऊ समेत कई इलाकों में तेज बारिश शुरू हो गई। झमाझम फुहारों से उमस भरी गर्मी से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत मिली है और पारे में गिरावट दर्ज की गई। मौसम में आए इस बदलाव के बीच मौसम विभाग ने प्रदेश के करीब एक दर्जन जिलों में गरज-चमक के साथ मूसलाधार बारिश और तेज आंधी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
अवध से पूर्वांचल तक आंधी-बारिश का खतरा
राहत आयुक्त कार्यालय के ‘सचेत’ ऐप के मुताबिक, अवध के हरदोई, सीतापुर और उन्नाव जिलों में मध्यम से भारी बारिश के साथ तेज बिजली कड़कने और झोंकेदार हवाओं की चेतावनी दी गई है। वहीं पूर्वांचल के अंबेडकर नगर, बस्ती, गोरखपुर और संत कबीर नगर में भी बादलों की भीषण गड़गड़ाहट और तेज आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम के इस आक्रामक रुख को देखते हुए स्थानीय प्रशासन को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
एनसीआर और पश्चिमी यूपी के इन जिलों में भी चेतावनी
पश्चिमी उत्तर प्रदेश और दिल्ली से सटे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में भी मौसम का असर दिखेगा। मौसम विभाग ने बागपत, बुलंदशहर, गौतमबुद्ध नगर (नोएडा), गाजियाबाद और हापुड़ के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ आकाशीय बिजली चमकने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। तेज हवाओं और वज्रपात की आशंका को देखते हुए आम जनता को सुरक्षित स्थानों पर रहने, पेड़ों, टीन शेड और बिजली के खंभों से दूर रहने की हिदायत दी गई है।
पूर्वी और तराई इलाकों में जारी रहेगा मानसून का असर
लखनऊ मौसम केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि प्रदेश में मानसूनी तंत्र फिलहाल सक्रिय है। इसका मुख्य असर पूर्वी उत्तर प्रदेश और तराई के जनपदों में भारी बारिश और आकाशीय बिजली के रूप में बना रहेगा। हालांकि, इसके बाद पश्चिमी हवाओं के जोर पकड़ने से मानसूनी गतिविधियों की रफ्तार धीमी पड़ने और बारिश का दौर थमने का पूर्वानुमान है।
voice of india