
मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले से मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है।
सिंगरौली, मध्य प्रदेश,. बरगवां थाना क्षेत्र के ओडगढी जंगल में दो नाबालिग बहनों के साथ तीन अज्ञात बाइक सवारों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। यह वारदात उस समय हुई जब दोनों बहनें अपने रिश्तेदारों के साथ मौसी के घर जा रही थीं।
कैसे घटी वारदात
पुलिस के मुताबिक, दोनों लड़कियां अपने रिश्तेदारों के साथ बाइक पर सवार होकर रास्ते में थीं। तभी तीन अज्ञात युवक बाइक से उनका पीछा करने लगे। ओडगढी जंगल के पास पहुंचते ही आरोपियों ने रास्ता रोककर मारपीट की और दोनों नाबालिग बहनों को जंगल में घसीट ले गए। वहां बारी-बारी से उनके साथ दरिंदगी की गई। वारदात के बाद आरोपी उनके मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए।
पीड़िताओं की हालत और पुलिस की त्वरित मदद
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। आपातकालीन सेवा 112 की मदद से दोनों पीड़िताओं को बेहोशी की हालत में ओडगढी जंगल से बरामद किया गया और बैढ़न के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। फिलहाल दोनों का इलाज जारी है।
आरोपी गिरफ्तार
बरगवां थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तेजी से काम किया। पीड़िताओं के बयान और साइबर सेल की मदद से पुलिस ने तीनों संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों पर पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) और भारतीय दंड संहिता की गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है।
इलाके में आक्रोश
यह घटना सामने आते ही पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया है। स्थानीय लोग महिलाओं और नाबालिगों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठा रहे हैं। पहले से ही बढ़ते अपराधों के बीच यह घटना प्रदेश के लिए एक और चिंता का सबब बन गई है।
voice of india