नोएडा। दिल्ली-एनसीआर के नोएडा सेक्टर-113 थाना क्षेत्र में पृथला फ्लाईओवर के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। शनिवार देर रात शराब के नशे में धुत एक अनियंत्रित कार चालक ने अपनी स्कोडा कार से बाइक सवार नर्सिंग स्टाफ को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक बाइक सहित करीब 10 मीटर तक सड़क पर घिसटता चला गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और इलाज के दौरान उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
नाइट ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहा था इकलौता बेटा
मृतक की पहचान बरौला के हिंडन विहार निवासी आदित्य कुमार (24 वर्ष) के रूप में हुई है, जो गौर सिटी स्थित एक निजी अस्पताल में बतौर नर्सिंग स्टाफ कार्यरत था। शनिवार देर रात करीब 1 बजे आदित्य अपनी नाइट ड्यूटी पूरी कर बाइक से घर लौट रहा था। जैसे ही वह पृथला फ्लाईओवर के पास सर्विस रोड से मेन रोड की ओर मुड़ा, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कोडा कार ने उसे सीधी टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक कार के अगले हिस्से में फंस गई और नशे में धुत चालक उसे 10 मीटर तक घसीटता चला गया।
राहगीरों ने कार सवारों को दबोचा, 2 आरोपी गिरफ्तार
दर्दनाक हादसा देख आसपास मौजूद राहगीरों ने तुरंत मुस्तैदी दिखाते हुए स्कोडा कार को घेर लिया और उसमें सवार युवकों को पकड़ लिया। हालांकि, एक आरोपी मौका देखकर भागने में सफल रहा। गंभीर रूप से घायल आदित्य को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर पहुंची सेक्टर-113 थाना पुलिस ने कार चालक चिराग और उसके साथी रंजीत को मौके से गिरफ्तार कर लिया। मृतक के चाचा सौरभ की तहरीर पर पुलिस ने गैर-इरादतन हत्या और लापरवाही से वाहन चलाने सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
शादी की चल रही थीं तैयारियां, घर का चिराग बुझा
24 वर्षीय आदित्य अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और पूरे घर की जिम्मेदारी संभालता था। परिजनों ने रोते हुए बताया कि घर में आदित्य के विवाह की तैयारियां चल रही थीं और उसके लिए रिश्ते देखे जा रहे थे, लेकिन एक दर्दनाक हादसे ने पूरे परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि हादसे में शामिल स्कोडा कार महज 2 महीने पहले ही खरीदी गई थी।
ड्रंक एंड ड्राइव पर उठे सवाल, CCTV खंगाल रही पुलिस
पुलिस घटना के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है। दुर्घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस हिरासत में लिए गए दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है कि वे कहां से शराब पीकर आ रहे थे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार चल रहे तीसरे साथी की तलाश में दबिश दी जा रही है और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
voice of india
