Friday , 27 November 2026

हरिद्वार अर्धकुंभ 2027 का पूरा कैलेंडर जारी: जानिए कब होगा पहला अमृत स्नान और किस दिन लगेंगी 10 प्रमुख डुबकियां

नई दिल्ली, ब्यूरो। साल 2027 में देवभूमि उत्तराखंड की पावन नगरी हरिद्वार में आस्था और भक्ति का भव्य महासंगम देखने को मिलेगा। अर्धकुंभ मेले के इस पावन अवसर पर देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु मां गंगा के तट पर पवित्र स्नान के लिए एकत्रित होंगे। कोई पुण्य अर्जित करने के लिए गंगा की धारा में डुबकी लगाएगा, तो कोई विशेष स्नान पर्वों पर हरिद्वार पहुंचकर अपनी आस्था प्रकट करेगा। इस पूरे आयोजन के दौरान कई बड़े स्नान पर्व पड़ेंगे, जिनमें ‘अमृत स्नान’ का विशेष धार्मिक महत्व है। यदि आप भी साल 2027 में अपने परिवार या मित्रों के साथ हरिद्वार अर्धकुंभ में शामिल होने की योजना बना रहे हैं, तो गंगा स्नान की तिथियों से लेकर पहले अमृत स्नान तक की सभी प्रमुख जानकारियां यहां देख सकते हैं।

कब से शुरू होगा हरिद्वार अर्धकुंभ 2027?

हरिद्वार में आयोजित होने वाले अर्धकुंभ मेले की औपचारिक तैयारियां 1 जनवरी 2027 से प्रारंभ हो जाएंगी। जनवरी महीने से शुरू होने वाला यह धार्मिक आयोजन अप्रैल के महीने में संपन्न होगा। इस दौरान 14 जनवरी 2027 को गंगा स्नान का विशेष दिन रहेगा, जबकि मेले का अंतिम स्नान 20 अप्रैल को संपन्न होगा। पूरे मेले की अवधि में कुल 10 प्रमुख स्नान पर्व आयोजित किए जाएंगे, जिनमें श्रद्धालुओं को 4 बार ‘अमृत स्नान’ करने का सौभाग्य प्राप्त होगा।

हरिद्वार अर्धकुंभ 2027 में अमृत स्नान की प्रमुख तिथियां

  • 6 मार्च 2027: महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर मेले का पहला अमृत स्नान होगा।

  • 8 मार्च 2027: फाल्गुन अमावस्या के दिन दूसरा प्रमुख स्नान आयोजित किया जाएगा।

  • 14 अप्रैल 2027: बैसाखी के पर्व पर तीसरा अमृत स्नान संपन्न होगा।

  • 20 अप्रैल 2027: चैत्र पूर्णिमा के दिन अंतिम अमृत स्नान के साथ प्रमुख स्नान पर्वों का समापन हो जाएगा।

अर्धकुंभ के दौरान पड़ने वाले अन्य प्रमुख स्नान पर्व

  • 14 जनवरी 2027: मकर संक्रांति का स्नान

  • 6 फरवरी 2027: मौनी अमावस्या का स्नान

  • 11 फरवरी 2027: वसंत पंचमी का स्नान

  • 20 फरवरी 2027: माघ पूर्णिमा का स्नान

  • 7 अप्रैल 2027: हिंदू नववर्ष का स्नान

  • 15 अप्रैल 2027: राम नवमी का स्नान

अर्धकुंभ, पूर्ण कुंभ और महाकुंभ में क्या है अंतर?

  • अर्धकुंभ: अर्धकुंभ मेले का आयोजन देश में केवल दो ही पवित्र स्थानों—प्रयागराज और हरिद्वार में किया जाता है। यह आयोजन प्रत्येक 6 वर्ष के अंतराल पर होता है।

  • पूर्ण कुंभ: पूर्ण कुंभ का आयोजन हर 12 साल में एक बार होता है। भारत में कुल चार तीर्थ स्थलों—प्रयागराज, हरिद्वार, उज्जैन और नासिक (त्र्यंबकेश्वर) में पूर्ण कुंभ का मेला लगता है।

  • महाकुंभ: जब लगातार 12 पूर्ण कुंभ संपन्न हो जाते हैं, तब महाकुंभ का आयोजन होता है। 12 पूर्ण कुंभ पूरे होने में लगभग 144 वर्षों का लंबा समय लगता है, जिसके चलते सामान्य तौर पर एक पीढ़ी अपने जीवनकाल में दूसरा महाकुंभ नहीं देख पाती। यही वजह है कि महाकुंभ में दुनिया के अन्य विशाल आयोजनों के मुकाबले कई गुना अधिक श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है। पिछला महाकुंभ साल 2025 में प्रयागराज में आयोजित हुआ था, जिसके अनुसार अब अगला महाकुंभ 144 वर्ष बाद यानी साल 2169 में लगेगा।

कुंभ में गंगा स्नान की पौराणिक मान्यता क्या है?

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, समुद्र मंथन के समय निकले अमृत कलश से कुछ बूंदें छलककर हरिद्वार, उज्जैन, नासिक और प्रयागराज में गिरी थीं। कुंभ मेले का स्थान और समय निर्धारित करने के लिए ज्योतिषीय गणना के तहत सूर्य, चंद्रमा और बृहस्पति ग्रह की स्थिति का आकलन किया जाता है, जिससे यह तय होता है कि पूर्ण कुंभ किस स्थान पर लगेगा। ऐसी मान्यता है कि कुंभ या अर्धकुंभ मेले के दौरान पवित्र नदी में डुबकी लगाने से मनुष्य के सभी पाप धुल जाते हैं और उसे मोक्ष की प्राप्ति होती है।

हर की पौड़ी और ब्रह्मकुंड में स्नान का विशेष महत्व

हरिद्वार पहुंचने वाले प्रत्येक श्रद्धालु की इच्छा हर की पौड़ी पर स्नान करने की होती है, जहां स्थित ‘ब्रह्मकुंड’ को अत्यंत पावन माना जाता है। पौराणिक कथाओं के मुताबिक, समुद्र मंथन के दौरान अमृत कलश की बूंदें ठीक इसी स्थान पर गिरी थीं, जिसके कारण कुंभ और अर्धकुंभ के अवसर पर देश के कोने-कोने से भक्त यहां स्नान करने पहुंचते हैं। यह भी कहा जाता है कि ब्रह्मकुंड में भगवान विष्णु के चरण चिह्न मौजूद हैं। ऐसे में यहां गंगा स्नान करने से मोक्ष मिलने के साथ-साथ परिवार में सुख-शांति का वास होता है। हर की पौड़ी पर भोर से ही श्रद्धालुओं का तांता लगना शुरू हो जाता है, वहीं शाम ढलने के बाद यहां होने वाली भव्य गंगा आरती और दीपदान का अलौकिक दृश्य हर किसी को मंत्रमुग्ध कर देता है।

Check Also

Delimitation Bill: परिसीमन विधेयक पर अखिलेश यादव का बड़ा हमला, बोले- यह भाजपा की सबसे बड़ी भूल साबित होगा; सदन से गैरहाजिर रहने की अटकलों पर लगाया विराम

लखनऊ। केंद्र सरकार द्वारा बुलाए गए संसद के विशेष सत्र और संभावित परिसीमन विधेयक को …