
– बुजुर्ग महिला की सक्रियता से बदमाश पकड़े गए
– मध्यप्रदेश के धार से आए थे टप्पेबाजी करने को
कानपुर। काफी दिनों से अलमारी का लॉक फंसता था। ऐसे में गली से ताला ठीक करने वाले की आवाज सुनाई पड़ी तो बुजुर्ग महिला ने छज्जे से झांकने पर लंबा और नाटा सरदार नजर आया। तोल-मोल के बाद दोनों को अंदर बुलाकर अलमारी दिखाई। कुछ मिनट में लॉक दुरुस्त करने के बाद बहू की अलमारी को ठीक करने का झांसा देकर चाभी को मरोड़ दिया। अब ठीक करने में वक्त गुजरने लगा तो चाय-पानी की तलब बताकर सास-बहू को किचेन में भेजा और झटपट बहू की अलमारी के लॉकर में रखे जेवर समेटकर फिर अलमारी का लॉक फंसा दिया। चाय-पानी के बाद आधे घंटे में दूसरे औजार के सहारे लॉक खोलने का झांसा देकर लापता हुए तो कुछ देर में सास की ठगी की आशंका हुई। पेचकस के सहारे अलमारी खोली तो जेवर नदारद थे। चमनगंज पुलिस तक गुहार पहुंची तो त्रिनेत्र की मदद से चंद घंटों में लॉक खोलने वाले परदेसी टप्पेबाज लॉकअप के अंदर थे।
लंबू और नाटे की जोड़ी बहुत शातिर
चमनगंज के आनंदबाग इलाके की कुसुमादेवी राठौर के मुताबिक, घर में रखी लोहे की पुरानी अलमारी का लॉक फंसने के कारण खोलने-बंद करने में दिक्कत होती थी। रविवार की दोपहर गली से ताला ठीक करने वाले की आवाज सुनी तो छोटे और लंबे कद के दो सरदार नजर आए। पूछताछ के बाद दोनों को घर के अंदर बुलाकर अलमारी दिखाई तो चाभी खराब होने का हवाला देकर सरदारों ने दूसरी चाभी बनाने के लिए बहू की अलमारी की चाभी मांगी तो थमाकर कामकाज में उलझ गईं। लंबू और नाटे ने आधे घंटे में लॉक को दुरुस्त कर दिया, लेकिन बहू की अलमारी की चाभी को मरोड़ दिया था, जिसे ठीक करने में काफी समय लगा तो चाय-पानी मांगने लगे। सास-बहू किचेन में चली गईं तो दोनों ने झटपट बहू की अलमारी खोलकर गहनों को गायब कर दिया। इसके बाद फिर बहू की अलमारी का लॉक फंसाकर औजारों की कमी बताकर आधे घंटे में लौटने का वादा किया और रफू-चक्कर हो गए।
सास की सक्रियता से दबोचे गए बदमाश
लंबू और नाटा आधा घंटे तक नहीं लौटे तो सास को अनहोनी की आशंका हुई। ऐसे में पेचकस के जरिए जैसे-तैसे बहू की अलमारी खोली तो लॉकर साफ था। उन्होंने तत्काल चमनगंज पुलिस को आपबीती सुनाई। इंस्पेक्टर चमनगंज संजय राय ने बगैर देरी किये इलाके के 100 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले तो टप्पेबाजों का हुलिया सामने था। इसके बाद सर्विलांस और मुखबिर तंत्र के जरिए चमनगंज थानेदार ने नाटे सरदार को दबोच लिया। पहले तो उसने साथी को अपरिचित बताया, लेकिन पुलिसिया तौर-तरीके आजमाए गए तो हरकत को कबूल लिया। इसके बाद रेलवे स्टेशन के करीब होटल से दूसरा टप्पेबाज भी चोरी के माल साथ दबोच लिया गया।
voice of india