Wednesday , 24 June 2026

‘सोनम रघुवंशी’ जैसा खौफनाक कांड : 9 साल बाद खुली ‘मर्डर मिस्ट्री’ …..रथयात्रा के दिन पत्नी को साबरमती में फेंका, रोंगटे खड़े कर देगी कातिल पति की खौफनाक साजिश!

अहमदाबाद: गुजरात के अहमदाबाद से एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने हाल ही में चर्चा में रहे सोनम रघुवंशी मर्डर केस की खौफनाक यादें ताजा कर दी हैं। नौ साल पहले जिस घटना को पुलिस और प्रशासन ने महज एक हादसा मानकर फाइल बंद कर दी थी, वह असल में एक सोची-समझी और निर्मम हत्या थी। अहमदाबाद सिटी क्राइम ब्रांच ने एक गुप्त सूचना के आधार पर 9 साल पुरानी इस ‘डेथ मिस्ट्री’ को सुलझाते हुए मृतका के कलयुगी पति को गिरफ्तार कर लिया है। कातिल पति ने अपनी इस खौफनाक करतूत पर पर्दा डालने के लिए पुलिस की आंखों में धूल झोंकते हुए इसे एक हादसा और गुमशुदगी का रूप दे दिया था, लेकिन कहते हैं न कि कानून के हाथ बहुत लंबे होते हैं, और आखिरकर 9 साल बाद सच सामने आ ही गया।

शादी के महज 4 महीने बाद ही शुरू हो गया था कत्ल का प्लान

पुलिस की गहन जांच में सामने आया है कि मृतका कोमलबेन सोलंकी अहमदाबाद के कालूपुर इलाके की रहने वाली थीं। जून 2017 में अचानक उनकी रहस्यमय तरीके से मौत हो गई थी, जिसे उस वक्त पुलिस ने साबरमती रिवरफ्रंट से शव मिलने के बाद महज एक ‘हादसे में मौत’ मान लिया था। पूछताछ और पुराने रिकॉर्ड्स खंगालने पर यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि कोमलबेन और उनके पति मिनेश दिनेश भाई सोलंकी की शादी के महज चार महीने बाद ही दोनों के बीच भयंकर झगड़े और विवाद शुरू हो गए थे। रोज-रोज के इन पारिवारिक क्लेश से तंग आकर 31 वर्षीय मिनेश ने अपनी ही पत्नी को हमेशा के लिए रास्ते से हटाने का खौफनाक प्लान तैयार कर लिया।

शहर घुमाने के बहाने ले गया, फिर जिंदा ही नदी में फेंका

क्राइम ब्रांच के अधिकारियों के मुताबिक, 25 जून 2017 को रथ यात्रा का पावन दिन था। इसी दिन मिनेश ने अपने शैतानी प्लान को अंजाम देने की साजिश बुनी। वह अपनी पत्नी कोमलबेन को शहर घुमाने और रथ यात्रा दिखाने के बहाने घर से बाहर ले गया। पूरे दिन शहर की अलग-अलग जगहों पर घुमाने के बाद, रात के अंधेरे में वह उसे साबरमती रिवरफ्रंट पर ले गया। वहां उसने बातों में उलझाकर अचानक अपनी पत्नी को उठाया और सीधे उफनती नदी में फेंक दिया। डूबने से कोमलबेन की दर्दनाक मौत हो गई।

खुद ही दर्ज कराई गुमशुदगी की रिपोर्ट, 9 साल बाद ऐसे खुला राज

हत्या जैसी संगीन वारदात को अंजाम देने के बाद मिनेश अगले ही दिन कालूपुर पुलिस स्टेशन पहुंचा और पत्नी के लापता होने की झूठी शिकायत दर्ज करा दी। कुछ घंटों बाद पुलिस को नदी से कोमलबेन का शव बरामद हुआ। उस वक्त पुलिस ने इसे दुर्घटनावश हुई मौत मानकर केस बंद कर दिया था। करीब एक दशक तक यह राज दफन रहा, लेकिन हाल ही में क्राइम ब्रांच को एक गुप्त सूचना मिली। जब टेक्निकल सर्विलांस, डेटा और पुराने गवाहों के बयानों को दोबारा खंगाला गया, तो मिनेश के गुनाहों का काला चिट्ठा खुल गया।

सोनम रघुवंशी हत्याकांड जैसी है यह वारदात

इस वारदात ने ‘सोनम रघुवंशी हत्याकांड’ जैसी घटनाओं की याद दिला दी है। गौरतलब है कि सोनम रघुवंशी पर आरोप है कि उसने अपने पति राजा रघुवंशी को हनीमून के दौरान पहाड़ी से धक्का देकर मौत के घाट उतार दिया था। मिनेश ने भी ठीक उसी तर्ज पर अपनी पत्नी को घुमाने के बहाने मौत की नींद सुला दिया और सालों तक कानून को चकमा देता रहा। पुलिस ने अब आरोपी मिनेश को गिरफ्तार कर लिया है और रिवरफ्रंट वेस्ट पुलिस इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है। जांच में यह भी सामने आया है कि मिनेश का पहले से ही पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है।

Check Also

Lucknow Aliganj Fire: मौत का ‘बंकर’ बनी वह कोचिंग! इन 10 आत्मघाती गलतियों ने ली 15 मासूमों की जान, क्या हम अब भी चेतेंगे?

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ का अलीगंज इलाका बीते दिनों एक ऐसी चीख का …