Monday , 16 March 2026

क्या नेपाल को मिलेगी पहली महिला PM? जानें कौन हैं सुशीला कार्की और क्यों बढ़ी दावेदारी

नेपाल की राजनीति पिछले कई दिनों से उबलती स्थिति में है. ओली सरकार के जाने और 30 से अधिक सांसदों तथा मंत्रियों के इस्तीफों के बावजूद देश में हिंसा और अनिश्चितता का दौर जारी है. राजधानी काठमांडू की सड़कों पर कर्फ्यू का सन्नाटा है, लेकिन Gen-Z के युवाओं ने अपनी मांगों को लेकर कड़ा रुख अपनाया है. उनका कहना है कि अब देश को ईमानदार और निष्पक्ष नेतृत्व चाहिए, भ्रष्ट नेताओं की नहीं.

इसी कड़ी में Gen-Z प्रदर्शनकारियों ने चार घंटे चली वर्चुअल बैठक के बाद पूर्व चीफ जस्टिस सुशीला कार्की को अंतरिम नेतृत्व के लिए अपना उम्मीदवार घोषित किया. यह कदम नेपाल की मौजूदा राजनीति में उम्मीदों के साथ-साथ चौंकाने वाला भी माना जा रहा है.

क्यों चुनी गईं सुशीला कार्की?

बैठक में यह साफ किया गया कि नेतृत्व में कोई भी राजनीतिक दल से जुड़ा युवा शामिल नहीं होगा, ताकि आंदोलन पूरी तरह निष्पक्ष और गैर-राजनीतिक रहे. सुशीला कार्की किसी भी राजनीतिक दल से नहीं जुड़ी हैं और एक सिविक एक्टिविस्ट एवं पूर्व जज होने के कारण इस भूमिका के लिए सबसे उपयुक्त मानी गई हैं. काठमांडू के मेयर बालेंदर शाह और युवा नेता सागर धकाल का नाम भी चर्चा में था, लेकिन प्रदर्शनकारी युवाओं ने माना कि वर्तमान हालात में कार्की जैसी न्यायप्रिय और निष्पक्ष छवि वाली शख्सियत ही जनता का भरोसा जीत सकती हैं.

सेना ने भी की बातचीत की पहल

सेना प्रमुख अशोक राज सिग्देल ने प्रदर्शनकारियों को राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी या दुर्गा प्रसाई से बात करने का सुझाव दिया था. लेकिन युवाओं ने इसे ठुकरा दिया. उनका मानना था कि किसी भी राजनीतिक ताकत से दूरी बनाए रखना इस समय सबसे जरूरी है.

सुशीला कार्की का जीवन और करियर

जन्म और शिक्षा: सुशीला कार्की का जन्म 7 जून 1952 को बिराटनगर में हुआ. सात भाई-बहनों में सबसे बड़ी कार्की ने कानून की पढ़ाई की और 1979 में वकालत शुरू की. 1985 में उन्होंने महेंद्र मल्टिपल कैंपस, धरान में सहायक अध्यापक के तौर पर कार्य किया.

न्यायिक सफर- 2007 में सीनियर एडवोकेट बनीं, 22 जनवरी 2009 को सुप्रीम कोर्ट की एड-हॉक जज नियुक्त हुईं और 2010 में स्थायी जज. 2016 में वे नेपाल की पहली महिला चीफ जस्टिस बनीं. 11 जुलाई 2016 से 7 जून 2017 तक उन्होंने सुप्रीम कोर्ट की बागडोर संभाली.

सत्ता से टकराव- कार्यकाल के दौरान कार्की ने बड़े फैसले लिए. 2017 में माओवादी सेंटर और नेपाली कांग्रेस ने उन पर महाभियोग प्रस्ताव लाया, लेकिन देशभर में विरोध के चलते प्रस्ताव वापस लिया गया. यह उन्हें दबाव के बावजूद डटकर खड़े रहने वाली शख्सियत बनाता है.

व्यक्तिगत जीवन- कार्की की शादी दुर्गा प्रसाद सुवेदी से हुई, जो नेपाली कांग्रेस के सक्रिय नेता रहे हैं. रिटायरमेंट के बाद उन्होंने किताबें भी लिखीं, जिनमें उनकी आत्मकथा ‘न्याय’ (2018) और जेल अनुभव पर आधारित उपन्यास ‘कारा’ (2019) शामिल हैं.

नेपाल में अब तक क्या हुआ

  • ओली सरकार जा चुकी है, 30 से अधिक सांसद-मंत्रियों ने इस्तीफा दिया.
  • नेपाल में विरोध प्रदर्शन के दौरान अब तक 30  लोगों की जान जा चुकी है तो वहीं 1033 लोग घायल बताए जा रहे हैं.
  • Gen-Z युवा भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन में सड़कों पर उतरे.
  • काठमांडू में कर्फ्यू लगाया गया, हिंसा और प्रदर्शन जारी.
  • युवाओं ने निष्पक्ष और ईमानदार नेतृत्व के लिए सुशीला कार्की को चुना.
  • सेना ने बातचीत की पहल की, लेकिन राजनीतिक दलों को शामिल नहीं किया गया.

10 सितंबर के 10 बड़े अपडेट्स

  1. ओली का मैसेज: पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने जेन-जी प्रदर्शनकारियों को संबोधित किया और हिंसा व तोड़फोड़ की निंदा की।
  2. नेतृत्व विवाद: सेना मुख्यालय के बाहर अंतरिम नेतृत्व को लेकर जेन-जी युवाओं के बीच बहस और टकराव हुआ।
  3. कर्फ्यू बढ़ा: नेपाली सेना ने कर्फ्यू को गुरुवार सुबह तक बढ़ा दिया है।
  4. कानूनी कार्रवाई स्थगित: सुप्रीम कोर्ट भवन में आग लगने के बाद सभी सुनवाई अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई है।
  5. कार्की का नाम आगे: प्रदर्शनकारियों के एक गुट ने पूर्व मुख्य न्यायाधीश सुशीला कार्की को अंतरिम सरकार का नेतृत्व सौंपने की सिफारिश की।
  6. कैदी फरार: देशभर की जेलों से 13,500 से ज्यादा कैदी भाग चुके हैं।
  7. एयरपोर्ट बंद: त्रिभुवन इंटरनेशनल एयरपोर्ट को अनिश्चितकालीन समय के लिए बंद कर दिया गया। विदेशी यात्री फंसे हुए हैं।
  8. धाडिंग गोलीकांड: धाडिंग जेल तोड़ने की कोशिश के दौरान सेना की गोलीबारी में एक कैदी की मौत हुई और सात घायल हुए।
  9. मौत का आंकड़ा बढ़ा: नेपाल विरोध प्रदर्शन में अब तक 30 की मौत, 1,033 घायल।
  10. रेस्क्यू शुरू: नेपाल में फंसे भारतीयों के लिए एअर इंडिया ने स्पेशल फ्लाइट शुरू की।

कैदियों को एक से दूसरी जेल में ट्रांसफर किया जा रहा

नेपाल की दिल्ली बाजार जेल में आज सुबह आगजनी की घटना के बाद कैदियों को सुंधारा सेंट्रल जेल में ट्रांसफर कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, अब तक 55 कैदियों को सुंधारा भेजा जा चुका है, और बाकी कैदियों को भी वहां ले जाया जा रहा है।

रबि लामिछाने का ऐलान- सरकार बनाने की दौड़ में नहीं हूं

राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (RSP) के अध्यक्ष रबि लामिछाने ने बुधवार को एक फेसबुक वीडियो में स्पष्ट किया कि वह नई सरकार बनाने की किसी भी कोशिश में शामिल नहीं हैं।

उन्होंने कहा- मैं न तो लीडरशिप की दौड़ में हूं और न ही सरकार बनाने की बैठकों में हिस्सा ले रहा हूं।

लामिछाने ने कहा कि उनके नाम को विवाद में घसीटने की जरूरत नहीं है। उन्होंने दोहराया- मैंने बार-बार कहा है कि मैं इस दौड़ में नहीं हूं, इसलिए मेरी बदनामी का कोई कारण नहीं है।

कैदियों ने नेपाल की धाडिंग जेल से भागने की कोशिश की

नेपाल के धाडिंग जेल में कैदियों ने सुरक्षा घेरा तोड़कर भागने की कोशिश की। इस दौरान नेपाली सेना को गोलीबारी करनी पड़ी, जिसमें दो कैदियों की मौत हो गई।

मारे गए कैदियों की पहचान 75 वर्षीय जीत बहादुर घाले (बलात्कार मामले में सजायाफ्ता) और 36 वर्षीय इंद्र बहादुर दला (नशीली दवाओं से जुड़े अपराध में कैद) के रूप में हुई है।

भागने की कोशिश में सात कैदी घायल हुए हैं। कैदियों ने सुबह 9 बजे से ही विद्रोह शुरू कर दिया था, लेकिन हालात दोपहर करीब 1:18 बजे पूरी तरह बिगड़ गए। इस झड़प में छह सुरक्षाकर्मी भी घायल हुए।

एअर इंडिया ने नेपाल में फंसे यात्रियों के लिए स्पेशल फ्लाइट शुरू कीं

एअर इंडिया ने नेपाल में हाल की घटनाओं के कारण फंसे यात्रियों की मदद के लिए आज और कल दिल्ली से काठमांडू और वापस विशेष उड़ानें चलाई हैं।

कंपनी ने बताया कि उनकी रेगुलर उड़ानें कल से फिर शुरू होंगी। एअर इंडिया ने सरकार और अन्य एजेंसियों को शुक्रिया कहा, जिन्होंने यात्रियों के मदद के लिए तेजी से काम किया।

इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बुधवार को कहा था कि उन्होंने नेपाल में चल रही हिंसा के बारे में भारत के विदेश सचिव से बात की है। विदेश सचिव ने नेपाल में फंसे लगभग 1,000 भारतीय नागरिकों की सुरक्षित वापसी का भरोसा दिया है।

सिंधुली जेल से सभी कैदी फरार

नेपाल के सिंधुली जेल से सभी 471 कैदी फरार हो गए हैं। जेल प्रशासन के मुताबिक, बुधवार सुबह कैदियों ने जेल के अंदर आग लगा दी और मेन गेट तोड़कर बाहर निकल गए। जेल में 428 पुरुष और 43 महिलाएं कैद थीं।

पुलिस अधीक्षक लालध्वज सुबेदी ने बताया कि कैदियों ने सामूहिक रूप से जेल तोड़ने की योजना बनाई थी और भारी हंगामे के बीच वे सभी भागने में सफल रहे।

नेपाल में फंसे गुजरात से 300 लोग

नेपाल में चल रहे राजनीतिक संकट और हिंसक प्रदर्शनों के बीच गुजरात के 300 से ज्यादा लोग फंस गए हैं। इनमें भावनगर के 43 और अहमदाबाद के 9 लोग शामिल हैं। सभी गुजरातियों को होटल, वृद्धाश्रम और अन्य जगहों पर सुरक्षा के साथ रखा गया है।

नेपाल में छतरपुर के 14 लोग फंसे, कहा- तोड़फोड़ हो रही

नेपाल में हो रही हिंसा और विरोध प्रदर्शनों के बीच हजारों भारतीयों की तरह एमपी के छतरपुर जिले के भी चार परिवार काठमांडू में फंसे हुए हैं। इन परिवारों में बच्चों सहित कुल 14 लोग हैं, जो सुरक्षित वतन वापसी के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से गुहार लगा रहे हैं।

हिंसा के दौरान आगजनी, तोडफ़ोड़ और कई लोगों की मौत की खबरें सामने आ रही हैं। छतरपुर के गल्ला मंडी निवासी व्यापारी पप्पू मातेले, ट्रांसपोर्ट कारोबारी निर्देश अग्रवाल, गुड्डू अग्रवाल और एक कुशवाहा परिवार नेपाल घूमने गए थे। ये सभी लोग इस समय काठमांडू के एक होटल में फंसे हुए हैं।

केपी ओली बोले- नेपाल हिंसा एक गहरी साजिश

पद छोडने के बाद पहली बार पूर्व पीएम केपी शर्मा ओली ने बयान दिया है। उन्होंने युवाओं के नाम खुली चिट्ठी लिखकर प्रदर्शन को गहरी साजिश बताया है। उन्होंने कार्यालयों में आगजनी और जेल से कैदियों को छुड़ाने जैसी घटनाओं को पहले से तय बताया।

विरोध प्रदर्शनों में अब तक 30 की मौत, 1,033 घायल

नेपाल स्वास्थ्य मंत्रालय मुताबिक अब तक देशभर में 30 लोग मरे और 1033 लोग घायल हुए हैं। बुधवार शाम जारी आंकड़ों के मुताबि, 713 घायल अस्पताल से छुट्टी पा चुके हैं, जबकि 55 लोगों को आगे के इलाज के लिए रेफर किया गया है। इसके अलावा 253 लोग नए भर्ती हुए हैं।

सबसे ज्यादा मरीज सिविल सर्विस अस्पताल में हैं, जहां 436 लोगों का इलाज चल रहा है। नेशनल ट्रॉमा सेंटर में 161 और एवरेस्ट अस्पताल में 109 मरीजों का उपचार किया जा रहा है। कुल मिलाकर देश के 28 अस्पताल घायलों का इलाज कर रहे हैं।

Check Also

LPG संकट: यूपी से एमपी तक हाहाकार: कहीं हंगामा तो कहीं अपनों में कलह….₹950 वाला घरेलू गैस सिलेंडर ब्लैक में ₹3500 में मिल रहा

नई दिल्ली/लखनऊ। अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते युद्ध के तनाव ने भारत की रसोई …