
कुलगाम/श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में सुरक्षाबलों ने बुधवार (18 नवंबर) को एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के कमांडर लतीफ अहमद भट को मुठभेड़ में मार गिराया। मारा गया आतंकी कुलगाम के वपुरा में सीआरपीएफ (CRPF) पर हुए हमले में शामिल था और सुरक्षा एजेंसियों को लंबे समय से उसकी तलाश थी। कुलगाम जिले के जांगलपोरा इलाके में चले इस ऑपरेशन में सुरक्षाबलों ने पहले आतंकी को आत्मसमर्पण करने का पूरा मौका दिया, लेकिन जब उसने फायरिंग शुरू कर दी तो जवाबी कार्रवाई में उसे ढेर कर दिया गया।
वीडियो कॉल पर एसएसपी और सेना के अधिकारी ने की समझाने की कोशिश कुलगाम के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अनायत अली चौधरी ने इस ऑपरेशन की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि सुरक्षाबलों ने आतंकी लतीफ भट को जिंदा पकड़ने और सरेंडर कराने के लिए हर संभव प्रयास किया। एसएसपी ने स्वयं 9 राष्ट्रीय राइफल्स (RR) के कमांडिंग ऑफिसर के साथ मिलकर वीडियो कॉल के जरिए आतंकी लतीफ से सीधे संवाद किया और उसे हथियार डालकर मुख्यधारा में लौटने के लिए समझाया।
‘पूरी जिंदगी बाकी है’ कहने पर आतंकी बोला- मैं सिर्फ अल्लाह से डरता हूं पत्रकारों से बातचीत में एसएसपी अनायत अली चौधरी ने बताया कि उन्होंने वीडियो कॉल पर लतीफ से काफी देर तक बात की। अधिकारियों ने उसे समझाने का भरसक प्रयास किया कि उसकी उम्र अभी बहुत कम है और उसकी पूरी जिंदगी सामने पड़ी है, साथ ही उसे यह भरोसा भी दिलाया गया कि सरेंडर करने पर प्रशासन उसके साथ खड़ा रहेगा। हालांकि, आतंकी पर इन बातों का कोई असर नहीं हुआ। उसने वीडियो कॉल पर जवाब देते हुए कहा कि “मुझे अल्लाह से मुलाकात करनी है, मैं बहुत खुश हूं और मैं सिर्फ अल्लाह से डरता हूं, मेरे साथ अल्लाह के सिवा कोई नहीं है।”
मस्जिद की पवित्रता बचाते हुए सुरक्षाबलों ने बरता बेहद संयम एसएसपी चौधरी ने बताया कि वीडियो कॉल के अलावा मस्जिद के बाहर से लाउडस्पीकर के जरिए भी लगातार घोषणाएं कर लतीफ से आत्मसमर्पण करने की अपील की गई, लेकिन उसने बाहर आने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद रात करीब 2:45 बजे आतंकी ने मस्जिद के अंदर से सुरक्षाबलों पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद दोनों ओर से गोलीबारी शुरू हो गई। एसएसपी के मुताबिक, चूंकि आतंकी एक मस्जिद के भीतर छिपकर गोली चला रहा था, इसलिए सुरक्षाबलों ने बेहद संयम और सावधानी से काम लिया ताकि मस्जिद को किसी भी प्रकार का नुकसान न पहुंचे। पूरे इलाके की कड़ी घेराबंदी कर निर्धारित ऑपरेशनल नियमों के तहत कार्रवाई को अंजाम दिया गया। पुलिस काफी समय से लतीफ की गतिविधियों पर नजर रख रही थी और पुख्ता खुफिया इनपुट मिलने के बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस और सेना ने यह संयुक्त अभियान शुरू किया था।
दो दिन पहले ही मुठभेड़ में मारा गया था लतीफ का साथी उमर निसार डार गौरतलब है कि इससे ठीक दो दिन पहले, 16 नवंबर को कुलगाम के ही लारू इलाके में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई थी। उस ऑपरेशन में एक आतंकी मारा गया था, जिसके पास से हथियार भी बरामद हुए थे। मारे गए आतंकी की पहचान उमर निसार डार के रूप में हुई थी, जो हाल ही में लश्कर-ए-तैयबा में भर्ती हुआ था और कमांडर लतीफ अहमद भट का करीबी साथी था। लारू मुठभेड़ के दौरान लतीफ भट घायल होकर भागने में सफल रहा था। इसके बाद से ही फरार आतंकियों को दबोचने के लिए पूरे क्षेत्र में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा था। 17 नवंबर को सुरक्षाबलों का आतंकियों से पुनः संपर्क स्थापित हुआ, जिसके बाद घेराबंदी को और सख्त कर दिया गया।
11 नवंबर को सीआरपीएफ नाके पर हुए हमले के बाद से तेज था तलाशी अभियान बता दें कि बीते 11 नवंबर को मीर बाजार के नजदीक अखरान इलाके में आतंकियों ने सीआरपीएफ के एक नाके को निशाना बनाकर हमला किया था, जिसमें तीन जवान घायल हो गए थे। इस कायराना हमले के बाद से ही सुरक्षाबलों ने दक्षिण कश्मीर में आतंकियों के सफाए के लिए तलाशी अभियान तेज कर रखा था। इसी कड़ी में जांगलपोरा की एक मस्जिद में छिपे लतीफ भट को घेरा गया और बार-बार सरेंडर का मौका दिए जाने के बावजूद जब वह नहीं माना, तो मुठभेड़ में उसका अंत हो गया।
voice of india