
गोरखपुर/लखनऊ। उत्तर प्रदेश में आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सियासी गढ़ माने जाने वाले गोरखपुर में अपनी राजनीतिक ताकत दिखाने की तैयारी में हैं। राजनीतिक जानकारों और पार्टी सूत्रों के अनुसार, गांधी परिवार के गढ़ रायबरेली में सफल रथयात्रा निकालने के बाद अब अखिलेश यादव ऐतिहासिक स्थल चौरी-चौरा के बहाने गोरखपुर मंडल में सियासी माहौल बनाने उतर रहे हैं।
रायबरेली के बाद अब गोरखपुर में 22 किलोमीटर का रोड शो गौरतलब है कि रायबरेली में निकाली गई रथयात्रा का मुख्य उद्देश्य लोधी समाज को एकजुट करना और विधायक मनोज पांडे को सपा की संगठनात्मक ताकत का एहसास कराना था। अब उसी तर्ज पर गोरखपुर में भी करीब 22 किलोमीटर लंबी रथयात्रा के माध्यम से अखिलेश यादव चौरी-चौरा पहुंचेंगे, जहां वे अमर शहीद बाबू बंधू सिंह की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इस कार्यक्रम के पश्चात उनका पूर्व मंत्री स्वर्गीय पंडित हरिशंकर तिवारी के आवास (तिवारी हाता) जाने का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है, जिसे पूर्वांचल की राजनीति में बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि सपा की इस कवायद को केवल एक प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम तक सीमित करके नहीं देखा जा सकता, बल्कि यह ‘मिशन-2027’ के तहत गोरखपुर मंडल में पार्टी की राजनीतिक जमीन तैयार करने की एक व्यापक रणनीति है। इस अभियान के जरिए सपा की नजर क्षेत्र की 41 विधानसभा सीटों पर टिकी है, विशेषकर गोरखपुर जिले में पार्टी अपना खाता खोलने और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मजबूत प्रभाव क्षेत्र में सीधी चुनौती पेश करने की कोशिश में जुटी है।
चौरी-चौरा के मंच से ब्राह्मण और ठाकुर मतदाताओं को साधने की कवायद सियासी गलियारों में अखिलेश यादव के इस दौरे को जातीय समीकरणों को साधने की दिशा में एक बड़े कदम के रूप में देखा जा रहा है। गोरखपुर मंडल की चुनावी राजनीति में ब्राह्मण, ठाकुर और निषाद मतदाताओं की हमेशा से निर्णायक भूमिका रही है और सपा इन तीनों प्रमुख वर्गों के बीच अपनी स्वीकार्यता बढ़ाने का प्रयास कर रही है। पूर्व मंत्री स्वर्गीय पंडित हरिशंकर तिवारी के परिवार का पूर्वांचल की राजनीति में लंबे समय से गहरा प्रभाव रहा है। उनके पुत्रों—विनय शंकर तिवारी और कुशल तिवारी के सपा में शामिल होने के बाद, राज्य सरकार के कार्यकाल में उनके ठिकानों पर हुई पुलिस और जांच एजेंसियों की कार्रवाई को लेकर अखिलेश यादव लगातार सत्तारूढ़ दल पर हमलावर रहे हैं। वे इस मुद्दे को ब्राह्मणों के कथित उत्पीड़न से जोड़कर सरकार को घेरते रहे हैं। इसके अलावा, हाल ही में एमएलसी चुनाव के दौरान भी सपा प्रमुख ने संजय त्रिपाठी से जुड़े घटनाक्रम का उल्लेख करते हुए भाजपा पर निशाना साधा था और कहा था कि समाज के लोग देख रहे हैं कि उनके प्रतिनिधि के साथ कैसा व्यवहार किया गया। इस तरह सपा नेतृत्व ब्राह्मण मतदाताओं के बीच की नाराजगी को एक बड़ा चुनावी मुद्दा बनाने की रणनीति पर काम कर रहा है।
निषाद वोट बैंक में सेंधमारी और बाबू बंधू सिंह के जरिए ठाकुर समाज से जुड़ाव चौरी-चौरा विधानसभा क्षेत्र का राजनीतिक समीकरण निषाद मतदाताओं के दृष्टिकोण से भी अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है। यह इलाका निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय निषाद के प्रभाव वाला क्षेत्र रहा है और वर्तमान विधायक सरवन निषाद भी इसी सीट से प्रतिनिधित्व करते हैं। ऐसे में अखिलेश यादव की चौरी-चौरा में बढ़ती सक्रियता को एनडीए के सहयोगी निषाद वोट बैंक में सेंध लगाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। दूसरी ओर, क्रांतिकारी बाबू बंधू सिंह की प्रतिमा के अनावरण के माध्यम से समाजवादी पार्टी ऐतिहासिक विरासत और स्थानीय जनभावनाओं से जुड़ने का संदेश देना चाहती है। पार्टी रणनीतिकारों की कोशिश है कि इस भव्य आयोजन के जरिए ठाकुर समाज समेत अन्य सामाजिक वर्गों तक भी अपनी राजनीतिक पहुंच को मजबूत किया जाए।
41 विधानसभा सीटों पर फोकस और एक लाख की भीड़ जुटाने का लक्ष्य गोरखपुर और बस्ती मंडल की लगभग 41 विधानसभा सीटें समाजवादी पार्टी की इस पूर्वांचल रणनीति के केंद्र बिंदु में हैं। पार्टी नेतृत्व भली-भांति जानता है कि पूर्वांचल में मजबूत चुनावी प्रदर्शन किए बिना 2027 में सत्ता की राह आसान नहीं होगी। इसी को ध्यान में रखते हुए अखिलेश यादव का यह दौरा संगठन को जमीनी स्तर पर सक्रिय करने, स्थानीय नेताओं को एकजुट करने और नए सामाजिक समीकरण गढ़ने की एक बड़ी कवायद है। सपा इस कार्यक्रम में एक लाख से अधिक कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भीड़ जुटाने का लक्ष्य लेकर चल रही है और ‘पीडीए रथ’ के जरिए इस रोड शो को एक विशाल शक्ति प्रदर्शन में बदलने की तैयारी है। इसके साथ ही, चौरी-चौरा क्षेत्र के स्थानीय राजनीतिक चेहरे अजय कुमार सिंह उर्फ टप्पू के सपा में शामिल होने की चर्चाएं भी जोरों पर हैं, जिन्हें आगामी चुनाव में इस सीट से पार्टी के संभावित उम्मीदवार के रूप में देखा जा रहा है। कुल मिलाकर, पीडीए के सामाजिक समीकरण, ब्राह्मण समाज के मुद्दों और निषाद वोट बैंक पर नजर रखते हुए सपा प्रमुख अपने इस दौरे के माध्यम से भाजपा के मजबूत गढ़ में राजनीतिक मौजूदगी दर्ज कराने की पुरजोर कोशिश कर रहे हैं।
voice of india