Saturday , 11 July 2026

कानपुर देहात: बेवफाई के शक में खूनी खेल, पिकअप चालक पति ने पत्नी को बेरहमी से पीटा, फिर छत से नीचे फेंक कर दी दर्दनाक मौत

मृतका रीता शर्मा की फाइल फोटो

कानपुर देहात (रनियां): उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात जिले के रनियां थाना क्षेत्र से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली खबर सामने आई है। यहाँ किशरवल गांव में रविवार को एक पति ने अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी पति का दावा है कि उसकी पत्नी ‘चरित्रहीन’ थी और बार-बार मना करने के बाद भी अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रही थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को महज कुछ ही घंटों के भीतर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।

छत से नीचे फेंका, मौके पर ही थमी सांसें

घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। उन्नाव के हसनगंज निवासी शिव सुमिरन शर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी 32 वर्षीय बेटी रीता शर्मा की उसके पति ऋषभ शर्मा ने हत्या कर दी है। आरोप है कि ऋषभ ने पहले रीता के साथ बुरी तरह मारपीट की और फिर उसे मकान की छत से नीचे फेंक दिया। ऊंचाई से गिरने और गंभीर चोटों के कारण रीता ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

“मैं पिकअप लेकर निकलता, वो लखनऊ चली जाती”

पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपी ऋषभ शर्मा ने पूछताछ के दौरान अपना जुर्म कुबूल करते हुए चौंकाने वाले खुलासे किए। ऋषभ ने बताया कि वह पेशे से पिकअप चालक है। उसने पुलिस को बताया, “जब मैं काम के सिलसिले में गाड़ी लेकर बाहर निकलता था, तो पीछे से मेरी पत्नी लखनऊ चली जाती थी। जब मैं उसे कॉल करता, तो वह बेझिझक बताती थी कि वह लखनऊ में है। मुझे उसके अवैध संबंधों का पूरा शक था।” ऋषभ का आरोप है कि उसने कई बार पत्नी को समझाने की कोशिश की और उसके माता-पिता को भी अवगत कराया, लेकिन उसकी आदतों में कोई सुधार नहीं हुआ।

खून से सनी ईंट और डंडा बरामद, पुलिस की बड़ी कार्रवाई

अकबरपुर सीओ संजय सिंह ने बताया कि आरोपी ऋषभ शर्मा को उसके घर से ही गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर कत्ल में इस्तेमाल किए गए साक्ष्य भी जुटा लिए हैं। वारदात वाली जगह से पुलिस को खून से सनी ईंट, एक प्लास्टिक का डंडा और आरोपी के खून लगे कपड़े (पैंट) बरामद हुए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

कानूनी शिकंजे में हत्यारा पति

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला अवैध संबंधों के शक में की गई हत्या का लग रहा है। आरोपी के खिलाफ हत्या की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल, पुलिस मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है ताकि मृतका के परिवार को न्याय मिल सके।

Check Also

मैनपुरी में 9 साल पुराने युधिष्ठिर हत्याकांड में ऐतिहासिक फैसला : बकरियां बांधने की नसीहत देने पर ली थी जान, कोर्ट ने 4 दोषियों को सुनाई उम्रकैद!

मैनपुरी। उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले से एक बड़े फैसले की खबर सामने आ रही …