Wednesday , 24 June 2026

बोलीविया में विमान हादसा: मलबे से निकले करोड़ों के नोट, लाशों के बीच पैसा बटोरने की मची होड़; 15 की मौत

2dq6O0hZro7 Yp 100104 news

एल ऑल्टो (बोलीविया): दक्षिण अमेरिकी देश बोलीविया की प्रशासनिक राजधानी ला पाज़ के पास स्थित एल ऑल्टो शहर से एक रूह कपा देने वाली खबर सामने आई है। शुक्रवार शाम एक विमान उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद अनियंत्रित होकर मुख्य सड़क पर जा गिरा। इस भीषण हादसे में कम से कम 15 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 30 से अधिक लोग घायल हैं। लेकिन हादसे के बाद जो नजारा दिखा, उसने मानवीय संवेदनाओं पर सवाल खड़े कर दिए। विमान के गिरते ही वहां नोटों की बारिश होने लगी और लोग घायलों की मदद करने के बजाय पैसे बटोरने में जुट गए।

करोड़ों की नकदी देख बेकाबू हुई भीड़, पुलिस ने चलाया वॉटर कैनन

विमान गिरने के साथ ही उसमें रखे करोड़ों रुपये के नए नोट पूरी सड़क पर बिखर गए। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि एक तरफ मलबे से धुआं उठ रहा था और लोग मदद के लिए चिल्ला रहे थे, वहीं दूसरी तरफ सैकड़ों लोग जमीन पर बिखरी नकदी को अपनी जेबों में भरने के लिए पागलों की तरह दौड़ रहे थे। भीड़ इस कदर अनियंत्रित हो गई कि पुलिस को बचाव कार्य शुरू करने के लिए वॉटर कैनन और दंगा नियंत्रण उपकरणों का इस्तेमाल कर लोगों को खदेड़ना पड़ा। बोलीविया के सेंट्रल बैंक ने बाद में पुष्टि की कि यह विमान देश के आंतरिक हिस्सों में नए नोटों की खेप ले जा रहा था।

सड़क पर गिरते ही दर्जन भर गाड़ियों को बनाया निशाना

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विमान ने एल ऑल्टो इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरी ही थी कि अचानक तकनीकी खराबी या खराब मौसम के कारण वह गोता खाने लगा। विमान सीधे व्यस्त मुख्य सड़क पर जा गिरा और वहां से गुजर रहे लगभग एक दर्जन से अधिक वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कई कारें पूरी तरह चकनाचूर हो गईं। सड़क पर गिरते ही विमान में भीषण आग लग गई, जिससे चारों ओर चीख-पुकार मच गई।

हवाई अड्डा बंद, उच्च स्तरीय जांच के आदेश

इस भयावह हादसे के बाद एल ऑल्टो अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को तुरंत प्रभाव से बंद कर दिया गया है और सभी उड़ानों को निलंबित कर दिया गया है। अग्निशमन विभाग के प्रमुख पावेल तोवर ने बताया कि मृतकों में विमान के चालक दल के साथ-साथ सड़क पर चल रहे आम नागरिक भी शामिल हैं। बोलीविया के रक्षा मंत्रालय और वायुसेना ने एक संयुक्त जांच टीम का गठन किया है जो हादसे के असली कारणों का पता लगाएगी। फिलहाल अस्पतालों में भर्ती घायलों में से कई की हालत नाजुक बनी हुई है।

Check Also

Lucknow Aliganj Fire: मौत का ‘बंकर’ बनी वह कोचिंग! इन 10 आत्मघाती गलतियों ने ली 15 मासूमों की जान, क्या हम अब भी चेतेंगे?

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ का अलीगंज इलाका बीते दिनों एक ऐसी चीख का …