
राजधानी के सआदतगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत नौबस्ता के ब्राह्मणी टोला में सोमवार को वाहन पार्किंग को लेकर उठा सामान्य सा विवाद देखते ही देखते दिल दहला देने वाले खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। पड़ोस में रहने वाले युवक ने गुस्से में आकर अंधाधुंध गोलियां चला दीं, जिसमें एक ही परिवार के तीन लोगों की जान चली गई, जबकि एक व्यक्ति जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है। इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।
पार्किंग को लेकर कहासुनी और फिर तड़ातड़ गोलियां
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ब्राह्मणी टोला में सोमवार को सड़क पर गाड़ी खड़ी करने की बात पर दो पक्षों के बीच तीखी बहस छिड़ गई थी। विवाद बढ़ने पर आरोपी ऋषभ शुक्ला अपना आपा खो बैठा और उसने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। हमलावर ने सामने खड़े लोगों को निशाना बनाते हुए गोलियां दागीं। सिर में गोली लगने से 65 वर्षीय शिवाजी तिवारी और उनके 55 वर्षीय छोटे भाई शिवेंद्र तिवारी लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े और दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इसी गोलीबारी में शिवाजी के बेटे सुयश तिवारी के सिर में और शंभू नामक व्यक्ति के सीने में गोली लगने से दोनों बुरी तरह घायल हो गए।
ट्रॉमा सेंटर में तीसरे सदस्य ने तोड़ा दम, एक की हालत नाजुक
गोलीबारी की आवाज से इलाके में भगदड़ मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम आनन-फानन मौके पर पहुंची और लहुलूहान पड़े घायलों को तुरंत ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अथक प्रयास के बावजूद गंभीर रूप से जख्मी सुयश तिवारी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं सीने में गोली लगने से जख्मी शंभू की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है और वे आईसीयू में उपचाराधीन हैं।
आरोपी नेवी कर्मी हिरासत में, इलाके में भारी पुलिस फोर्स
वारदात को अंजाम देने वाला आरोपी ऋषभ शुक्ला भारतीय नौसेना (नेवी) में कार्यरत बताया जा रहा है। वारदात के तुरंत बाद एक्शन में आई पुलिस ने आरोपी ऋषभ शुक्ला को हिरासत में ले लिया है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है। मौके पर तनाव को देखते हुए नौबस्ता और आसपास के पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
जिस घर में सज रही थी सेहरा बांधने की तैयारी, वहां पसरा मातम
इस खौफनाक वारदात ने पूरे मोहल्ले को झकझोर कर रख दिया है। शिवाजी तिवारी के बेटे सुयश की अगले महीने शादी तय थी और परिवार में ब्याह की तैयारियां जोरों पर चल रही थीं। जिस घर में शहनाई गूंजने वाली थी और मंगलगीत गाए जा रहे थे, वहां एक साथ पिता, चाचा और दूल्हे की अर्थी उठने की नौबत आ गई है। एक ही झटके में परिवार के तीन सदस्यों की हत्या से खुशियों वाले घर में चीख-पुकार और कोहराम मच गया है।
voice of india