Wednesday , 24 June 2026

बरेली के किसानों पर मेहरबान योगी सरकार, 1002 सोलर पंपों का मिलेगा लाभ

बरेली  । योगी सरकार ने इस बार बरेली के किसानों को बड़ी राहत दी है। सिंचाई को सस्ती और आसान बनाने के लिए प्रधानमंत्री कुसुम योजना के तहत पूरे प्रदेश में जहां 40,521 सोलर पंपों का आवंटन होना है, वहीं बरेली जिले को विशेष प्राथमिकता देते हुए 1002 सोलर पंपों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। कृषि विभाग ने 15 दिसंबर तक किसानों से ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की है। उपनिदेशक कृषि अमरपाल सिंह ने गुरुवार काे बताया कि योजना पारदर्शी ई–लॉटरी प्रणाली पर आधारित है और आवंटन केवल विभागीय वेबसाइट से किए गए पंजीकरण पर ही होगा।

योजना के तहत किसानों को आवेदन के समय केवल 5,000 रुपये टोकन मनी जमा करनी होगी। इसके बाद आवंटन होने पर बाकी राशि अनुदान घटाकर ऑनलाइन जमा की जा सकेगी। जरूरत पड़ने पर किसान बैंक से ऋण भी ले सकते हैं, जिस पर AIF योजना के तहत छह प्रतिशत तक ब्याज में छूट मिलेगी। विभाग के अनुसार किसान का बोरिंग सत्यापन अनिवार्य है। 2 एचपी पंप के लिए 4 इंच, 3 और 5 एचपी के लिए 6 इंच तथा 7.5–10 एचपी पंप के लिए 8 इंच बोरिंग जरूरी है। सत्यापन में बोरिंग न मिलने पर टोकन मनी जब्त हो जाएगी।

जिले में सबसे ज्यादा मांग 2 एचपी सबमर्सिबल, 3 एचपी डीसी सबमर्सिबल और 5 एचपी सबमर्सिबल पंपों की है। भोजीपुरा, मीरगंज, फतेहगंज, सेंथल, बहेड़ी और फरीदपुर में आवेदन तेजी से बढ़ रहे हैं। गंगापुर, बिशारतगंज और नवाबगंज के किसान भी भारी संख्या में पंजीकरण करा रहे हैं।

सरकार की ओर से मिलने वाला अनुदान भी किसानों को आकर्षित कर रहा है। 2 एचपी पंप पर 98,593 रुपये, 2 एचपी डीसी सबमर्सिबल पर 1,00,215 रुपये, 3 एचपी पर 1,33,621 रुपये, 5 एचपी पर 1,88,038 रुपये और 7.5–10 एचपी पंप पर 2,54,983 रुपये तक की छूट दी जा रही है। विभाग का दावा है कि इससे सिंचाई लागत में भारी कमी आएगी और किसान डीजल–बिजली की मार से मुक्त होकर आत्मनिर्भर बन सकेंगे।

Check Also

मुजफ्फरनगर में रोंगटे खड़े कर देने वाली हैवानियत: दोना-पत्तल फैक्ट्री से 13 मजदूर बंधनमुक्त, 24 घंटे काम, पहरे पर पिटबुल और खाने में सिर्फ नमक-रोटी

मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले से बंधक मजदूरी और हैवानियत की एक ऐसी खौफनाक …