
दिवाली का त्योहार बीतने के बाद अब देश भर के मौसम में तेजी से बदलाव देखने को मिल रहा है। उत्तर भारत समेत कई राज्यों में ठंड ने दस्तक दे दी है और तापमान में गिरावट का दौर शुरू हो चुका है। मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के चलते पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी का सिलसिला शुरू होने वाला है, जिसका सीधा असर मैदानी इलाकों पर पड़ेगा। तेज रफ्तार सर्द हवाएं मैदानी क्षेत्रों में ठिठुरन बढ़ाएंगी। वहीं दूसरी तरफ, दक्षिण भारत के कई तटीय इलाकों में मूसलाधार बारिश का संकट मंडरा रहा है, जबकि पूर्वी और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में भी हल्की फुल्की बूंदाबांदी के आसार बने हुए हैं।
पहाड़ों पर बर्फबारी और भूस्खलन का खतरा
पश्चिमी विक्षोभ के असर से जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के मौसम में बड़ा उलटफेर होने जा रहा है। मौसम विभाग ने इन पहाड़ी सूबों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा बर्फबारी को लेकर अलर्ट जारी किया है। बारिश और बर्फबारी के चलते संवेदनशील पहाड़ी रास्तों पर भूस्खलन की आशंका भी जताई गई है। विशेष रूप से हिमाचल प्रदेश के मंडी, शिमला और चंबा जिलों में बारिश का अनुमान है। वहीं उत्तराखंड के कई जनपदों में आगामी 13 नवंबर तक रुक-रुक कर बारिश जारी रह सकती है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद के ऊंचे शिखरों पर बर्फ की सफेद चादर बिछने की संभावना है, जबकि निचले इलाकों में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश दर्ज की जा सकती है।
मैदानी राज्यों में 50 किमी/घंटा की रफ्तार से चलेंगी ठंडी हवाएं
पहाड़ों पर होने वाली इस हलचल का सीधा असर उत्तर और मध्य भारत के मैदानी इलाकों पर देखने को मिलेगा। मैदानी क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चलने वाली पछुआ और उत्तर-पश्चिमी हवाएं वातावरण में ठंडक घोलेंगी, जिससे रात और सुबह के न्यूनतम तापमान में खासी गिरावट दर्ज की जाएगी। इसके अलावा पूर्वी और मध्य भारत के राज्यों में भी मौसमी हलचल दिखेगी। पश्चिम बंगाल, ओडिशा, बिहार और झारखंड के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश के आसार हैं, वहीं पूर्वोत्तर के सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश समेत मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में भी बादलों की आवाजाही के बीच हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है।
दक्षिण भारत में आसमानी आफत: केरल और तमिलनाडु में भारी बारिश का अलर्ट
उत्तर में जहां ठंड पांव पसार रही है, वहीं दक्षिण भारत के राज्यों में बादलों का डेरा है। मौसम विभाग ने तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरल में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। तटीय क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश के साथ-साथ तेज आंधी चलने और आकाशीय बिजली चमकने का खतरा बना हुआ है, जिसको देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। इसके अलावा आंध्र प्रदेश और कर्नाटक के कई जिलों में भी गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जा सकती है।
यूपी-बिहार में सुबह-शाम धुंध और ठंड, दिल्ली में प्रदूषण और सर्द हवाएं
उत्तर प्रदेश में फिलहाल दिन के समय चटख धूप खिले रहने की उम्मीद है, लेकिन सुबह और शाम के वक्त हल्की सिहरन महसूस होगी। राज्य में अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम पारा 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है। यूपी के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में बारिश की संभावना नहीं है, हालांकि चलने वाली शुष्क हवाएं पारे को और नीचे खिसकाएंगी।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में दिवाली के बाद से वायु गुणवत्ता बेहद खराब बनी हुई है और लोग प्रदूषण की मार झेल रहे हैं। हालांकि, उत्तर दिशा से आने वाली तेज हवाएं प्रदूषण के कणों को बिखेर कर थोड़ी राहत दे सकती हैं। दिल्ली में अगले चार दिनों तक सुबह के समय धुंध और हल्के बादल छाए रह सकते हैं, जिससे न्यूनतम तापमान गिरकर 16 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है।
पड़ोसी राज्य बिहार की बात करें तो यहां मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा और बारिश की कोई संभावना नहीं है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में सुबह और शाम हल्का कोहरा व धुंध छाई रहेगी। राजधानी पटना में अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का पूर्वानुमान है, जिसमें आने वाले दिनों में और गिरावट दर्ज की जाएगी।
voice of india