
नई दिल्ली। त्योहारों के सीजन के बाद देश के उत्तरी हिस्सों में आबोहवा सांस लेने लायक नहीं बची है। पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कई जिलों में वायु प्रदूषण का स्तर खतरनाक सीमा लांघ चुका है और एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 1000 के पार पहुंच गया है। 10 नवंबर की सुबह 7:30 बजे दर्ज आंकड़ों के अनुसार, पंजाब का फरीदकोट देश का सबसे प्रदूषित शहर रहा, जहां AQI 1351 दर्ज किया गया। देश के टॉप-10 सबसे प्रदूषित शहरों की सूची में पंजाब और हरियाणा के 4-4 शहर शामिल हैं।
फरीदकोट, श्रीगंगानगर और बठिंडा में हवा सबसे ज्यादा जहरीली
AQI.IN के आंकड़ों के अनुसार, पंजाब के फरीदकोट में सुबह 7:30 बजे के करीब AQI 1351 रिकॉर्ड हुआ, जो बेहद जानलेवा स्तर है। इसके साथ ही यह देश के सबसे प्रदूषित शहरों की फेहरिस्त में पहले स्थान पर पहुंच गया।
दूसरे स्थान पर राजस्थान का श्रीगंगानगर रहा, जहां का एक्यूआई 1287 दर्ज किया गया। वहीं पंजाब का बठिंडा 1118 एक्यूआई के साथ तीसरे नंबर पर रहा। शीर्ष 3 शहरों में पंजाब के दो शहरों की मौजूदगी वहां पराली और मौसमी बदलावों से उपजे गंभीर संकट को साफ दर्शाती है।
चौथे से पांचवें पायदान पर सिरसा और पटियाला
हरियाणा के सिरसा में भी वायु गुणवत्ता बेहद खराब स्तर पर है, जहां 789 AQI दर्ज होने के साथ यह चौथे स्थान पर रहा। इस स्तर पर विशेषज्ञों ने लोगों को बिना जरूरी काम घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है। इसके बाद पांचवें नंबर पर पंजाब का पटियाला शहर रहा, जहां सुबह का एक्यूआई 578 रिकॉर्ड किया गया।
देश के टॉप-10 सबसे प्रदूषित शहर (रैंकिंग व AQI)
-
फरीदकोट (पंजाब): 1351 AQI
-
श्रीगंगानगर (राजस्थान): 1287 AQI
-
बठिंडा (पंजाब): 1118 AQI
-
सिरसा (हरियाणा): 789 AQI
-
पटियाला (पंजाब): 578 AQI
-
पानीपत (हरियाणा): 564 AQI
-
हिसार (हरियाणा): 563 AQI
-
गुरुग्राम (हरियाणा): 516 AQI
-
लुधियाना (पंजाब): 499 AQI
-
गोरखपुर (उत्तर प्रदेश): 477 AQI
पानीपत, हिसार, गुरुग्राम, लुधियाना और गोरखपुर का हाल
हरियाणा का पानीपत 564 AQI के साथ छठे और हिसार 563 AQI के साथ सातवें स्थान पर दर्ज किया गया। दोनों शहरों के स्तर में महज एक अंक का अंतर रहा। दिल्ली से सटे गुरुग्राम में भी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है, जहां 516 एक्यूआई के साथ यह आठवें स्थान पर रहा।
पंजाब का प्रमुख औद्योगिक नगर लुधियाना 499 AQI के साथ नौवें स्थान पर रहा, जबकि उत्तर प्रदेश का गोरखपुर 477 AQI के साथ दसवें स्थान पर दर्ज किया गया। यूपी से इस सूची में आने वाला गोरखपुर इकलौता शहर रहा।
दिल्ली में वायु गुणवत्ता का स्तर
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली भले ही देश के टॉप-10 सबसे प्रदूषित शहरों की सूची से बाहर रही हो, लेकिन यहां भी हालात बेहद गंभीर बने हुए हैं। मंगलवार की सुबह दिल्ली का औसत AQI 380 के करीब दर्ज किया गया, जो ‘बहुत खराब’ से ‘गंभीर’ श्रेणी के मुहाने पर है।
voice of india