कानपुर के कल्याणपुर इलाके में स्कूटर सवार बुजुर्ग एलआईसी (LIC) एजेंट को थार से कुचलने के चर्चित मामले में नया मोड़ आ गया है। इस हादसे की आरोपी युवती को अदालत ने जमानत पर रिहा करने का आदेश दिया है। सुनवाई के दौरान अदालत ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए सख्त फटकार लगाई। कोर्ट ने साफ तौर पर पूछा कि महज एक सड़क दुर्घटना के मामले में पुलिस ने आरोपी युवती पर हत्या जैसी संगीन धारा किस आधार पर दर्ज कर ली? इसके साथ ही अदालत ने युवती को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजने की पुलिसिया अर्जी को सिरे से खारिज कर दिया और उसे 25-25 हजार रुपये के निजी मुचलके पर रिहा करने का निर्देश दिया।
दिवाली की छुट्टियों में इटली से घर आई थी आरोपी छात्रा
हादसे की आरोपी युवती की पहचान गीता सचान के रूप में हुई है, जो वर्तमान में इटली में रहकर अपनी उच्च शिक्षा पूरी कर रही है। वह हाल ही में दिवाली का त्योहार मनाने के लिए कानपुर स्थित अपने घर आई थी। घटना दिवाली से ठीक एक दिन पहले शनिवार शाम की है, जब कल्याणपुर के आवास विकास-3 इलाके में यह दर्दनाक हादसा हुआ। पनकी के स्वराज नगर निवासी 60 वर्षीय संतोष सिंह चौहान, जो पेशे से एलआईसी एजेंट थे, किसी जरूरी काम से बाजार जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार थार ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि संतोष सिंह चौहान ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
परिजनों का आरोप- 60 मीटर तक घसीटती चली गई स्कूटी
मृतक के परिजनों का आरोप है कि थार चला रही गीता सचान ने टक्कर मारने के बाद मौके से गाड़ी भगाने का प्रयास किया। इस कोशिश में संतोष सिंह की स्कूटी गाड़ी के नीचे फंस गई और लगभग 60 मीटर तक घिसटती चली गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। मामले की जानकारी देते हुए डीसीपी पश्चिम एसएस कासिम अबीदी ने बताया कि आरोपी युवती को पुलिस ने गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया था, जहां से उसे बेल बांड पर रिहा कर दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।
एसयूवी पर लिखा था संगठन का नाम, पुलिस पर उठे सवाल
कानपुर पुलिस के मुताबिक, हादसे के वक्त एसयूवी थार में दो महिलाएं और एक पुरुष सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि वाहन पर भारतीय किसान यूनियन का नाम और पीछे ‘कृष्णा ग्रुप’ लिखा हुआ था। इस बीच पुलिस की ढीली कार्रवाई से नाराज होकर मृतक एलआईसी एजेंट का बेटा थाने के बाहर धरने पर बैठ गया था। उसने पुलिस प्रशासन पर लापरवाही और आरोपी को बचाने का आरोप लगाया था। फिलहाल अदालत की फटकार के बाद अब पुलिस मामले के कानूनी पहलुओं की नए सिरे से समीक्षा कर रही है।
voice of india
