दुनिया के सबसे संवेदनशील समुद्री व्यापारिक गलियारे होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) में शुक्रवार को एक तेल टैंकर बड़े हमले की चपेट में आ गया। पनामा के ध्वज वाले ‘एमटी लुईस 1’ (MT LOUISE 1) नामक इस मालवाहक जहाज पर चालक दल के रूप में 27 भारतीय नागरिक सवार थे। अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, एक छोटी नाव के सहारे जहाज के निचले हिस्से पर दो ‘लिम्पेट माइंस’ चिपकाई गईं। बारूदी सुरंगों में हुए शक्तिशाली धमाके से जहाज के इंजन कक्ष में भीषण आग भड़क उठी, जिससे कुछ देर के लिए पोत का संचालन पूरी तरह ठप हो गया।
राहत की बात यह रही कि जहाज पर तैनात भारतीय क्रू मेंबर्स ने तत्परता दिखाते हुए आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। इस हमले में कोई भी भारतीय कर्मी हताहत नहीं हुआ है और समुद्र में तेल रिसाव (ऑयल स्पिल) का कोई नुकसान नहीं हुआ। स्थिति सामान्य होने के बाद टैंकर ने अपने गंतव्य की ओर फिर से आगे बढ़ना शुरू कर दिया।
ओमान तट के करीब हमला, यूकेएमटीओ ने की पुष्टि
ब्रिटेन की समुद्री व्यापार संचालन एजेंसी (UKMTO) के अनुसार, यह वारदात ओमान के खासाब शहर से करीब 46 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में गहरे समुद्र में अंजाम दी गई। सामरिक विश्लेषकों का कहना है कि फरवरी में तनाव भड़कने के बाद होर्मुज जलडमरूमध्य में लिम्पेट माइंस के जरिए जहाज को निशाना बनाने का यह पहला सफल हमला है।
जानिए क्या होती हैं लिम्पेट माइंस और हमलावर क्यों करते हैं इसका इस्तेमाल
सामुद्रिक सुरक्षा विशेषज्ञों के मुताबिक, लिम्पेट माइंस ऐसी सी-माइंस होती हैं जिन्हें पानी के भीतर चुपके से ले जाकर चुंबक या अन्य माध्यमों से जहाज के बाहरी पेंदे से चिपका दिया जाता है। इस रणनीतिक इलाके में इन माइंस का उपयोग पहली बार साल 2017 में देखा गया था, जिसके बाद से तेल टैंकरों पर दबाव बनाने के लिए यह तरीका कई बार दोहराया गया है।
ग्रीस स्थित समुद्री सुरक्षा फर्म ‘मेरिस्क्स’ के अनुसार, लिम्पेट माइंस अंतरराष्ट्रीय हथियारों के बाजार में बेहद सस्ती और आसानी से सुलभ हो जाती हैं। एक छोटी नौका के जरिए विशालकाय टैंकर के करीब जाकर इन माइंस को चिपकाना हमलावरों के लिए कम लागत वाला, आसान और भारी नुकसान पहुंचाने वाला पैंतरा साबित होता है।
24 घंटे पहले ‘एमटी अरजनाह’ पर भी हुआ था स्ट्राइक
होर्मुज के समुद्री रास्ते पर लगातार दूसरे दिन वाणिज्यिक जहाज को निशाना बनाया गया है। शुक्रवार की इस घटना से ठीक एक दिन पहले लाइबेरियाई ध्वज वाले विशाल तेल टैंकर ‘एमटी अरजनाह’ (MT ARZANAH) पर भी अज्ञात हथियार से हमला किया गया था। उस पोत पर भी दो भारतीय नागरिक सेवाएं दे रहे थे। फरवरी में अमेरिका और ईरान के बीच सैन्य तनाव बढ़ने के बाद से खाड़ी क्षेत्र के इस अहम समुद्री मार्ग पर कमर्शियल जहाजों पर हमलों की झड़ी लग गई है। कथित रूप से ईरान ने आवागमन के नियम तोड़ने का हवाला देकर कई जहाजों को अपनी जद में लिया है, जिसे रणनीतिक विश्लेषक इस चोकपॉइंट पर नियंत्रण और पश्चिमी देशों पर दबाव बनाने की कोशिश मान रहे हैं।
सभी 27 भारतीय क्रू मेंबर्स सुरक्षित, सरकार स्थिति पर बनाए हुए है नजर
जहाज पर सवार नागरिकों की सलामती को लेकर भारत सरकार ने त्वरित जानकारी दी है। केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने स्पष्ट किया कि जहाज पर मौजूद सभी भारतीय नाविक पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी को कोई चोट नहीं आई है। केंद्र सरकार पूरे घटनाक्रम और सुरक्षा हालात पर पैनी निगाह रखे हुए है। भारतीय चालक दल की संपूर्ण सुरक्षा और हितों को सुनिश्चित करने के लिए संबंधित पोत प्रबंधन कंपनियों व अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसियों से लगातार संपर्क बनाए रखा गया है।
voice of india
