
लखनऊ। राजधानी के चर्चित कैफे संचालक शिवा शर्मा हत्याकांड में पुलिस जांच का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है। जांच आगे बढ़ने के साथ ही मुख्य आरोपितों की भूमिका और वारदात के बाद उनको पनाह देने वाले मददगारों के चेहरे बेनकाब होने लगे हैं। पुलिस ने मुख्य आरोपित श्रद्धा दुबे को वारदात के बाद फरार कराने और सुरक्षित ठिकाना मुहैया कराने वाले आमिर समेत तीन संदिग्धों को चिन्हित कर लिया है। इनमें होटल में कमरा दिलवाने से लेकर श्रद्धा को नेपाल सीमा पार कराने में भूमिका निभाने वाले लोग शामिल हैं। पुलिस जल्द ही इन तीनों को मुकदमे में नामजद कर कानूनी शिकंजा कसने की तैयारी में है।
कमरे की स्थिति को लेकर श्रद्धा-रश्मि और नौकरानी के बयानों में टकराव प्रयागनारायण रोड स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरकर 27 वर्षीय शिवा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस की पूछताछ में बड़ा विरोधाभास सामने आया है। शिवा की मां रंजना की तहरीर पर दर्ज हत्या के मुकदमे में श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे और चालक दानिश को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
पड़ताल में सामने आया कि घटना के वक्त फ्लैट के भीतर शिवा, श्रद्धा, रश्मि और नौकरानी समेत केवल चार लोग थे। पूछताछ में श्रद्धा और रश्मि ने दावा किया कि वे दोनों अलग कमरे में थीं और शिवा दूसरे कमरे में मौजूद था। वहीं, नौकरानी ने इन दोनों के दावों को पूरी तरह खारिज करते हुए पुलिस को बताया कि जिस कमरे में शिवा था, श्रद्धा और रश्मि भी उसी कमरे में मौजूद थीं। बयानों के इस टकराव ने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया है। अब पुलिस नौकरानी के बयान को आधार बनाकर कड़ियां जोड़ रही है और बयानों का मिलान आसपास के पड़ोसियों की गवाही व सीसीटीवी फुटेज से करने के लिए दोबारा बयान दर्ज करने जा रही है।
फॉरेंसिक विशेषज्ञों की मौजूदगी में इसी सप्ताह दोहराया जाएगा घटनाक्रम बयानों में आए भारी अंतर और घटना की वास्तविक सच्चाई तक पहुंचने के लिए पुलिस अब वैज्ञानिक साक्ष्यों का सहारा लेगी। डीसीपी मध्य अर्पित विजयवर्गीय के मुताबिक, घटनास्थल का सीन रिक्रिएशन कराने के लिए फॉरेंसिक विभाग को पत्र भेज दिया गया है और वादी पक्ष को भी इससे अवगत करा दिया गया है। फॉरेंसिक टीम से समय मिलते ही इसी सप्ताह पूरे घटनाक्रम का सीन रिक्रिएशन कराया जाएगा, ताकि यह साफ हो सके कि घटना के वक्त फ्लैट में कौन किस जगह मौजूद था और किन परिस्थितियों में शिवा चौथी मंजिल से नीचे गिरा।
होटल से लेकर नेपाल सीमा तक मददगारों के नेटवर्क की जांच तेज हत्याकांड को अंजाम देने के बाद श्रद्धा दुबे को शहर से बाहर निकालने वाले नेटवर्क की भी गहन पड़ताल चल रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आमिर समेत तीन संदिग्धों की भूमिका होटल में कमरा दिलाने और नेपाल तक पहुंचाने में बेहद अहम रही है। पुलिस इन सभी की गतिविधियों और लोकेशन के पुख्ता साक्ष्य जुटा रही है। साक्ष्यों की पुष्टि होते ही इन सभी मददगारों के नाम मुकदमे में शामिल कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
voice of india