
लखनऊ । राजधानी के चर्चित कारोबारी शिवा शर्मा हत्याकांड की मुख्य आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे ने जेल में मुलाकातियों की सूची में केवल अपने पिता और रायबरेली निवासी परिजनों के नाम दर्ज कराए हैं। रविवार को जेल प्रशासन को सौंपी गई इस सूची में किसी भी करीबी दोस्त या परिचित का नाम शामिल न होना चर्चा का विषय बना हुआ है। कभी लग्जरी लाइफस्टाइल और हाई-प्रोफाइल पार्टियों में मशगूल रहने वाली श्रद्धा द्वारा अपने पुराने दोस्तों से दूरी बनाए रखने को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
रविवार को मिलने नहीं पहुंचा कोई करीबी, साथी महिला बंदियों ने दिए कपड़े
जेल सूत्रों के अनुसार, श्रद्धा ने उन दोस्तों और परिचितों के नाम भी सूची से बाहर रखे हैं, जिनके साथ वह अक्सर घूमती और रेस्तरां-क्लबों में समय बिताती थी। जिला जेल के वरिष्ठ अधीक्षक राजेंद्र जायसवाल ने बताया कि श्रद्धा द्वारा दी गई सूची सोमवार को कारागार मुख्यालय भेजी जाएगी, जहां से पुलिस सत्यापन के बाद ही मुलाकात की अनुमति की कानूनी प्रक्रिया पूरी होगी। वहीं, रविवार को साप्ताहिक अवकाश होने के चलते मुलाकात बंद थी, लेकिन श्रद्धा दिनभर परिचितों की राह तकती रही। इस दौरान उसने बैरक की अन्य महिला बंदियों से मदद मांगी, जिन्होंने दोनों बहनों (श्रद्धा और रश्मि) को जरूरी कपड़े उपलब्ध कराए। लग्जरी जीवन जीने वाली श्रद्धा ने जेल में पूजा-पाठ और ध्यान में समय बिताया, जबकि उसकी बहन रश्मि लगातार तीसरे दिन भी शांत और मौन बनी रही।
क्राइम सीन रीक्रिएशन से खुलेगा राज, नौकरानी और श्रद्धा के बयानों में टकराव
हजरतगंज स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरकर हुई शिवा शर्मा की मौत की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस इसी सप्ताह घटनास्थल का ‘क्राइम सीन रीक्रिएशन’ कराने जा रही है। डीसीपी मध्य अर्पित विजयवर्गीय और इंस्पेक्टर हजरतगंज शिवानंद मिश्र के मुताबिक, फोरेंसिक विभाग को पत्र भेजा जा चुका है। पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती आरोपियों के परस्पर विरोधी बयानों की है। पूछताछ में श्रद्धा और रश्मि ने दावा किया था कि घटना के समय वे दूसरे कमरे में थीं, जबकि नौकरानी के बयान ने इस दावे की हवा निकाल दी है। नौकरानी का कहना है कि दोनों बहनें उसी कमरे में मौजूद थीं जहां शिवा था। पुलिस अब नौकरानी के बयान, सीसीटीवी फुटेज और पड़ोसियों के बयानों के आधार पर कड़ियां जोड़ रही है।
फरारी में मदद करने वाले तीन और मददगार रडार पर
पुलिस ने श्रद्धा और उसके साथियों को नेपाल भागने, वाहन बदलने और होटल में पनाह देने में मदद करने वाले तीन अन्य लोगों को भी चिह्नित कर लिया है। डीसीपी मध्य के अनुसार, आमिर के अलावा तीन और संदिग्धों की भूमिका की बारीकी से जांच हो रही है। ठोस साक्ष्य मिलते ही इन्हें भी मुकदमे में सह-आरोपी बनाया जाएगा।
कारोबारी शिवा शर्मा हत्याकांड: घटनाक्रम पर एक नजर
-
9 अक्तूबर: हजरतगंज के अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरकर अलीगंज निवासी युवा कारोबारी शिवा शर्मा (27) की संदिग्ध हालात में मौत।
-
10 अक्तूबर: मृतक की मां रंजना शर्मा की तहरीर पर हजरतगंज कोतवाली में मॉडल श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि, चालक तनवीर अली उर्फ दानिश और आदिल पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज। पुलिस को आरोपियों की अंतिम लोकेशन बहराइच के रुपईडीहा बॉर्डर पर मिली।
-
13 अक्तूबर: डीसीपी मध्य ने फरार तीनों आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया। रुपईडीहा में लावारिस हालत में श्रद्धा की एसयूवी बरामद।
-
15 अक्तूबर: श्रद्धा दुबे ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर खुद को निर्दोष बताया और शिवा की मौत को आत्महत्या करार दिया।
-
16-17 अक्तूबर: नेपाल पुलिस से संपर्क साधा गया। तीनों आरोपियों के खिलाफ गैर-जमानती वारंट (NBW) जारी, हजरतगंज इंस्पेक्टर लाइन हाजिर।
-
18-19 अक्तूबर: इनाम की राशि बढ़ाकर 50-50 हजार रुपये की गई। प्रशासनिक लापरवाही पर डीसीपी मध्य और एसीपी हजरतगंज को पद से हटाया गया।
-
20-21 अक्तूबर: लखनऊ पुलिस और यूपी एसटीएफ के संयुक्त ऑपरेशन में श्रद्धा, रश्मि और दानिश नागपुर (महाराष्ट्र) से गिरफ्तार। मैनेजर आदिल भी दबोचा गया।
-
22 अक्तूबर: कोर्ट में पेशी के बाद सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में 31 अक्तूबर तक जेल भेजा गया।
voice of india