
कौशांबी। उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में रोंगटे खड़े कर देने वाली खूनी वारदात सामने आई है। यहां 25 वर्षीय युवक की ईंट-पत्थरों से सिर कूंचकर नृशंस हत्या कर दी गई। कातिलों की दरिंदगी यहीं नहीं थमी, वारदात को छुपाने के लिए उन्होंने शव को एक स्विफ्ट कार की डिग्गी में ठूंस दिया और गाड़ी को लावारिस हालत में गांव किनारे छोड़कर फरार हो गए। रविवार सुबह संदिग्ध कार देखकर जब ग्रामीणों ने पुलिस को बुलाया और डिग्गी खोली गई, तो भीतर का खौफनाक मंजर देखकर सबके रोंगटे खड़े हो गए। शुरुआती तफ्तीश में कत्ल का शक मृतक के ममेरे भाइयों पर गहराया है, जो घटना के बाद से मोबाइल स्विच ऑफ कर फरार हैं।

शराब की बोतलें और लावारिस कार देख ग्रामीणों को हुआ शक
वारदात मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के मोहम्मदपुर गांव की है। रविवार सुबह ग्रामीणों ने गांव के बाहर सुनसान रास्ते पर एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार को संदिग्ध हालत में खड़ा देखा। कार के इर्द-गिर्द बीयर की खाली कैन और शराब की बोतलें बिखरी पड़ी थीं। किसी अनहोनी की आशंका भांपकर ग्रामीणों ने तुरंत डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।
डिग्गी खुलते ही उड़े होश, खून से लथपथ मिली 25 साल के रवि की लाश
सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक (एसपी) सत्यनारायण प्रजापति, अपर पुलिस अधीक्षक अमिता सिंह, स्थानीय सीओ और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम दलबल के साथ मौके पर पहुंच गई। पुलिसकर्मियों ने जैसे ही कार का मुआयना करते हुए उसकी डिग्गी खोली, भीतर खून से लथपथ युवक का शव पड़ा मिला। मृतक के सिर और चेहरे पर ईंट से ताबड़तोड़ वार कर उसे बुरी तरह कुचला गया था।
मृतक की शिनाख्त प्रयागराज के फाफामऊ निवासी 25 वर्षीय रवि यादव के रूप में हुई। पुलिस ने फौरन शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और फॉरेंसिक टीम ने कार व आसपास के इलाके से उंगलियों के निशान और अन्य फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए।
मामा के बेटों से हुआ था विवाद, शराब पार्टी के बाद खूनी खेल की आशंका
परिजनों और शुरुआती जांच से मिली जानकारी के मुताबिक, रवि पिछले काफी समय से प्रयागराज के धूमनगंज स्थित अपने ननिहाल में मामा के घर रहकर उनके बेटों के साथ रहता था। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले किसी बात को लेकर रवि और उसके ममेरे भाइयों के बीच तीखा विवाद हुआ था।
आशंका जताई जा रही है कि शनिवार देर रात कार में बैठकर पहले शराब पी गई। नशे की हालत में पुरानी रंजिश को लेकर विवाद फिर भड़क गया और आरोपियों ने ईंट से प्रहार कर रवि की बेरहमी से जान ले ली। हत्या के बाद सबूत मिटाने और शव को ठिकाने लगाने के इरादे से उसे कार की डिग्गी में बंद कर मोहम्मदपुर गांव लाया गया, जहां पकड़े जाने के डर से आरोपी कार छोड़कर भाग निकले।
मामा के लड़के फरार, एसपी बोले- जल्द सलाखों के पीछे होंगे कातिल
वारदात के बाद से ही रवि के मामा के दोनों लड़के अपने घरों से लापता हैं और उनके सभी मोबाइल नंबर लगातार बंद आ रहे हैं। इस आधार पर पुलिस का शक पूरी तरह उन्हीं पर टिक गया है।
कौशांबी के एसपी सत्यनारायण प्रजापति ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आपसी रंजिश और विवाद से जुड़ा लग रहा है। मृतक के मामा के लड़के घर छोड़कर फरार हैं और उनके फोन स्विच ऑफ हैं। उनकी धरपकड़ के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। वहीं, अपर पुलिस अधीक्षक अमिता सिंह ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जुटाए गए तकनीकी व वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच तेजी से आगे बढ़ रही है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर इस हत्याकांड का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।
voice of india