Wednesday , 9 September 2026

कनाडा में पंजाबी सिंगर एमी विर्क के शो के बाद ताबड़तोड़ फायरिंग: बुलेटप्रूफ रॉल्स रॉयस पर बरसाईं गोलियां, लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से आई पोस्ट

कनाडा के एबट्सफोर्ड में मशहूर पंजाबी गायक और अभिनेता एमी विर्क के लाइव शो के तुरंत बाद उनके काफिले पर जानलेवा हमले की खबर से सनसनी फैल गई है। हमलावरों ने काफिले की एक गाड़ी पर अंधाधुंध गोलियां बरसाईं। गनीमत यह रही कि निशाना बनाई गई गाड़ी बुलेटप्रूफ थी, जिससे किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। एबट्सफोर्ड पुलिस डिपार्टमेंट ने मैक्कलम रोड के 2500-ब्लॉक में हुई इस गोलीबारी की आधिकारिक पुष्टि करते हुए जांच शुरू कर दी है।

शो खत्म होते ही रास्ते में बरसीं गोलियां, बुलेटप्रूफ गाड़ी ने बचाई जान

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, 5 सितंबर की रात एबट्सफोर्ड स्थित रोजर्स फोरम हॉल में एमी विर्क का कॉन्सर्ट आयोजित किया गया था। देर रात करीब 11 बजे कार्यक्रम खत्म होने के बाद एमी विर्क और उनकी टीम गाड़ियों के काफिले के साथ शहर की तरफ रवाना हुई। इसी दौरान घात लगाए बैठे हमलावरों ने एक गहरे रंग की एसयूवी से काफिले में शामिल रॉल्स रॉयस कार पर अचानक गोलियां चलानी शुरू कर दीं। दावा किया जा रहा है कि रॉल्स रॉयस पूरी तरह से बुलेटप्रूफ थी, जिस वजह से गोलियां गाड़ी के अंदर नहीं घुस सकीं और बड़ा हादसा टल गया। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस बात की औपचारिक पुष्टि नहीं की है कि गोलीबारी के वक्त गायक एमी विर्क खुद उस गाड़ी में मौजूद थे या किसी अन्य वाहन में।

वारदात के तुरंत बाद जली मिली संदिग्ध एसयूवी

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, घटना रात 11 बजे के आसपास हुई। हमलावरों ने जानबूझकर उस खास वाहन को टारगेट करते हुए मल्टीपल राउंड फायरिंग की। इस वारदात के कुछ ही मिनटों बाद पुलिस को सूचना मिली कि सनीसाइड प्लेस के 2400-ब्लॉक में एक एसयूवी धू-धू कर जल रही है। मौके पर पहुंची दमकल और पुलिस की टीम ने गाड़ी को पूरी तरह खाक पाया। फॉरेंसिक जांचकर्ता अब यह सुराग तलाश रहे हैं कि क्या यह वही गाड़ी है, जिसका इस्तेमाल शूटर्स ने गोलीबारी के लिए किया था और बाद में सबूत मिटाने की नीयत से उसमें आग लगा दी।

लॉरेंस बिश्नोई सिंडिकेट का नाम, प्रमोटर को निशाना बनाने का दावा

इस सनसनीखेज वारदात के बाद सोशल मीडिया पर एक विवादित पोस्ट वायरल हो रही है। दावा किया जा रहा है कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े चर्ण दत्त चार्ली नाम के शख्स ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। सोशल मीडिया पोस्ट में कहा गया है कि हमला गायक पर नहीं, बल्कि एमी विर्क के कॉन्सर्ट के प्रमोटर को सबक सिखाने के लिए किया गया था। हालांकि, कनाडाई जांच एजेंसियों ने इस वायरल पोस्ट की सत्यता या किसी खास गैंग के एंगल पर अभी कोई अंतिम बयान नहीं दिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, बैलिस्टिक सबूतों और चश्मदीदों के बयानों के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

Check Also

Stock Market Crash: सेंसेक्स 600 अंक टूटा, निफ्टी 23,500 के नीचे फिसला; IT शेयरों में हाहाकार के बीच Paytm और Reliance Power में तूफानी तेजी

भारतीय शेयर बाजार में बुधवार को कारोबारी हफ्ते के तीसरे दिन बड़ा भूचाल देखने को …