Wednesday , 9 September 2026

UP Assistant Professor Recruitment 2026: यूपी में असिस्टेंट प्रोफेसर के 1,936 पदों पर बंपर भर्ती शुरू, 19-20 नवंबर को होगी परीक्षा; OTR हुआ अनिवार्य

उत्तर प्रदेश के अशासकीय अनुदानित महाविद्यालयों में सहायक आचार्य (असिस्टेंट प्रोफेसर) बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर सामने आई है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने प्रदेश भर के सह-शिक्षा एवं महिला महाविद्यालयों में 1,936 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती का आधिकारिक विज्ञापन जारी कर दिया है। योगी सरकार के निर्देश पर उच्च शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से शुरू हुई इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 8 सितंबर 2026 से पोर्टल पर एक्टिव हो चुकी है।

आवेदन के लिए OTR अनिवार्य, आयोग ने जारी किए सख्त निर्देश

शिक्षा सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार के अनुसार, भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और सुगम बनाने के लिए ‘वन टाइम रजिस्ट्रेशन’ (OTR) व्यवस्था अनिवार्य कर दी गई है। असिस्टेंट प्रोफेसर पद के लिए फॉर्म भरने से पहले हर अभ्यर्थी को आयोग के पोर्टल पर OTR प्रक्रिया पूरी करनी होगी। आयोग ने यह भी साफ कर दिया है कि पात्रता या शैक्षिक योग्यता को लेकर किसी भी अभ्यर्थी को व्यक्तिगत स्तर पर परामर्श नहीं दिया जाएगा; इच्छुक उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर जारी की गई विस्तृत निर्देश पुस्तिका का खुद अध्ययन करें।

7 अक्टूबर तक जमा होगी फीस, 19-20 नवंबर को लिखित परीक्षा

आयोग के उप सचिव संजय कुमार सिंह ने भर्ती का विस्तृत शेड्यूल साझा करते हुए बताया कि ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन 8 सितंबर से शुरू हो चुके हैं। आवेदन फॉर्म भरने और परीक्षा शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख 7 अक्टूबर 2026 तय की गई है। यदि आवेदन फॉर्म में कोई त्रुटि रह जाती है, तो उम्मीदवार 11 अक्टूबर 2026 तक उसमें संशोधन कर सकेंगे। आयोग ने परीक्षा की तारीखों का भी ऐलान कर दिया है—सहायक आचार्य पद के लिए लिखित परीक्षा 19 और 20 नवंबर 2026 को आयोजित की जाएगी।

आयोग की सलाह: अंतिम तारीख से पहले पूरा करें फॉर्म

आयोग ने परीक्षा केंद्रों और विस्तृत परीक्षा कार्यक्रम को लेकर बताया कि इससे जुड़े दिशा-निर्देश पोर्टल पर समय-समय पर अपडेट किए जाएंगे। आयोग के अध्यक्ष ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे विषयवार पदों का विवरण, आयु सीमा, आरक्षण नियम और जरूरी अर्हताएं ठीक से जांचने के बाद ही फॉर्म सबमिट करें। सर्वर की दिक्कतों से बचने के लिए उम्मीदवार अंतिम समय का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें। राज्य सरकार का मानना है कि इन 1,936 पदों पर नई नियुक्तियों से उच्च शिक्षण संस्थानों में शिक्षकों की कमी दूर होगी और प्रदेश में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

 

Check Also

कानपुर दवा कारोबारी हत्याकांड: बहू शालू के बाद अब बेटे सुब्रत पर भी गहराया शिकंजा, शॉपिंग से लेकर किटी पार्टी तक पुलिस की रडार पर

कानपुर: दवा कारोबारी विनीत हत्याकांड में पुलिस की तफ्तीश जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, पारिवारिक …