Monday , 7 September 2026

केदारनाथ पैदल मार्ग पर पहाड़ी से गिरे पत्थर, महाराष्ट्र की महिला तीर्थयात्री की मौत; यात्रा रोकी गई, 6 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

देहरादून/रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड में मानसूनी आफत थमने का नाम नहीं ले रही है। भारी बारिश के चलते केदारनाथ पैदल मार्ग पर भूस्खलन और पहाड़ी से पत्थर गिरने की घटनाएं सामने आई हैं। रविवार को चीरबासा के पास पहाड़ी से अचानक गिरे बोल्डरों की चपेट में आने से दर्शन के लिए जा रही महाराष्ट्र की एक महिला श्रद्धालु की मौके पर ही मौत हो गई। बिगड़ते मौसम और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने केदारनाथ यात्रा को दिनभर के लिए स्थगित कर दिया, जिससे सैकड़ों यात्री विभिन्न पड़ावों पर फंस गए हैं।

चीरबासा के पास हुआ दर्दनाक हादसा हादसा उस वक्त हुआ जब यात्री गौरीकुंड से केदारनाथ धाम की ओर पैदल आगे बढ़ रहे थे। चीरबासा के समीप पहुंचते ही अचानक पहाड़ी से भारी पत्थर और मलबा गिरने लगा, जिसकी जद में आने से एक महिला यात्री की जान चली गई। जिला आपदा प्रबंधन नियंत्रण कक्ष के मुताबिक, मृतका की पहचान महाराष्ट्र के सोलापुर जिले के निम गांव निवासी 60 वर्षीय मंगल अपाराव सिंधे (पत्नी अपाराव सिंधे) के रूप में हुई है। घटना के तुरंत बाद बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया।

सोनप्रयाग और गौरीकुंड में रोकी गई यात्रा, सुरक्षित ठिकानों पर भेजे गए यात्री मौसम की गंभीरता और लगातार हो रहे भूस्खलन को देखते हुए सोनप्रयाग पुलिस ने रविवार सुबह 11 बजे के बाद आगे की आवाजाही पर पूरी तरह रोक लगा दी। हालांकि, रोक से पहले सुबह के समय 4,000 से अधिक यात्री केदारनाथ के लिए प्रस्थान कर चुके थे, जबकि करीब 2,500 श्रद्धालु दर्शन कर सुरक्षित लौट रहे थे। सोनप्रयाग कोतवाली प्रभारी सुरेश चंद्र बलूनी ने बताया कि पैदल मार्ग पर मौजूद यात्रियों को पुलिस, एसडीआरएफ (SDRF), डीडीआरएफ (DDRF) और वाईएमएफ की सुरक्षा निगरानी में सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। स्थिति सामान्य होते ही आवाजाही दोबारा शुरू कराई जाएगी।

बदरीनाथ-हेमकुंड साहिब की चोटियों पर सीजन की पहली बर्फबारी एक तरफ जहां निचले इलाकों में बारिश और भूस्खलन परेशानी का सबब बने हुए हैं, वहीं गढ़वाल की ऊंची चोटियों पर मौसम ने करवट ली है। बदरीनाथ धाम के नर-नारायण व नीलकंठ पर्वत के अलावा हेमकुंड साहिब की चोटियों, फूलों की घाटी (Valley of Flowers), चिनाप वैली, सोना शिखर और वैली ऑफ फ्लावर्स नेशनल पार्क के कुंठखाल व टिपरा खरक की ऊंची पहाड़ियों पर इस मौसम की पहली हल्की बर्फबारी दर्ज की गई है।

पौड़ी और नैनीताल समेत 6 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून ने सोमवार के लिए राज्य के छह जिलों में मूसलाधार बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार पौड़ी, नैनीताल, बागेश्वर, चंपावत, उधम सिंह नगर और चमोली जिलों में कुछ स्थानों पर तीव्र से भारी बारिश की संभावना है, जबकि अन्य जनपदों में हल्की से मध्यम वर्षा का अनुमान है। मौसम निदेशक डॉ. सी.एस. तोमर ने संवेदनशील इलाकों में रहने वाले नागरिकों और पर्वतीय मार्गों पर यात्रा करने वाले तीर्थयात्रियों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।

Check Also

15 साल में चौथा बड़ा हादसा! सत्य निकेतन PG की दरारों से लेकर अवैध निर्माण तक, कौन जिम्मेदार?

सत्य निकेतन में 5 मंजिला PG इमारत ढही: मलबे में दबकर 6 छात्रों की मौत, …