Thursday , 3 September 2026

तमिलनाडु एक्सप्रेस ट्रॉली बैग मर्डर केस का खुलासा: प्रेमिका के 18 टुकड़े कर शव के अंग पकाए, पति-पत्नी मणिपुर से गिरफ्तार

आगरा ।  उत्तर प्रदेश के आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर 5 अगस्त को तमिलनाडु एक्सप्रेस में मिले लाल ट्रॉली बैग के सनसनीखेज हत्याकांड की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। ट्रेन के जनरल कोच में पॉलिथीन में लिपटे 18 टुकड़ों में मिला शव ओडिशा निवासी 38 वर्षीय हयातुन निशा का था। इस रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात के मुख्य आरोपी 22 वर्षीय मणिकउद्दीन लश्कर और उसकी पत्नी भगवती मांझी को सुरक्षा एजेंसियों ने मणिपुर से धर दबोचा है। पुलिस तफ्तीश में सामने आया है कि त्रिकोणीय प्रेम प्रसंग के चलते इस खौफनाक हत्याकांड की पटकथा रची गई थी।

ट्रेन से रिसते खून ने खोला था राज

बीती 5 अगस्त को जब तमिलनाडु एक्सप्रेस आगरा कैंट स्टेशन पहुंची, तब जनरल बोगी में रखे एक लावारिस लाल ट्रॉली बैग से यात्रियों को खून रिसता दिखाई दिया। यात्रियों के अलर्ट करते ही जीआरपी और आरपीएफ की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। जब बैग को खोला गया तो सुरक्षाकर्मियों के भी होश उड़ गए; अंदर पॉलिथीन की अलग-अलग थैलियों में पैक किए गए एक महिला के शव के लगभग 18 टुकड़े भरे हुए थे। जीआरपी आगरा ने फौरन अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर शव के रूट और स्रोत की पड़ताल शुरू की।

350 CCTV फुटेज खंगालने पर मिला सुराग

जांच आगे बढ़ी तो तकनीकी इनपुट से साफ हुआ कि यह बैग चेन्नई सेंट्रल स्टेशन से ट्रेन में चढ़ाया गया था। इसके बाद रेलवे पुलिस ने चेन्नई स्टेशन के करीब 350 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक पुरुष और एक महिला स्टेशन परिसर से भारी ट्रॉली बैग को तमिलनाडु एक्सप्रेस के कोच में चढ़ाते हुए साफ नजर आए। पहचान पुख्ता होने के बाद पुलिस ने उनकी लोकेशन ट्रैक की, जो चेन्नई से भागकर सुदूर मणिपुर की निकली। संयुक्त टीम ने त्वरित दबिश देकर दोनों को मणिपुर से हिरासत में ले लिया।

पत्नी और प्रेमिका एक साथ, विवाद बनते ही रची खौफनाक साजिश

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि मृतका हयातुन निशा का मणिकउद्दीन के साथ प्रेम संबंध था। आरोपी अपनी पत्नी भगवती और प्रेमिका हयातुन दोनों के साथ ही चेन्नई में रह रहा था। कुछ समय से उनके बीच घरेलू विवाद और तकरार काफी बढ़ गई थी। इसी विवाद से पीछा छुड़ाने के लिए मणिकउद्दीन ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर हयातुन की हत्या की साजिश रची और उसे बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में दरिंदगी की रूह कंपा देने वाली हकीकत

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में आरोपियों की दरिंदगी की ऐसी परतें खुली हैं जिसने डॉक्टरों और जांच अधिकारियों को भी स्तब्ध कर दिया है। हत्या के बाद सबूत मिटाने और शव को ठिकाने लगाने के लिए आरोपियों ने कटर मशीन से हयातुन के जिस्म के छोटे-छोटे टुकड़े किए। रिपोर्ट के मुताबिक, शव के कुछ हिस्सों जैसे हाथ, पैर और पसलियों को सब्जी और आटे के साथ पकाया गया था ताकि बदबू न फैले और पहचान मिटाई जा सके। इसके बाद बचे हुए टुकड़ों को पॉलिथीन में पैक कर ट्रॉली बैग में भरा और ट्रेन में लावारिस छोड़कर दोनों मणिपुर फरार हो गए। आगरा जीआरपी ने मामले की प्राथमिक जांच पूरी कर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए केस चेन्नई पुलिस को सौंप दिया है।

Check Also

कानपुर में दिनदहाड़े भाइयों पर चाकूबाजी के बाद रात में युवक को दौड़ाकर गोलियों से भूना,आधे घंटे तक तड़पता रहा युवक

कानपुर के चौबेपुर थाना क्षेत्र में खूनी संघर्ष का रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला …