Thursday , 3 September 2026

स्कूल में 11वीं की छात्रा ने तीसरी मंजिल से लगाई छलांग, मौत: परिजनों का शिक्षिका पर 4 घंटे धूप में खड़ा रखने का आरोप, प्रिंसिपल ने दावों को नकारा

फरीदाबाद ।  हरियाणा के फरीदाबाद से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। डबुआ-गाजीपुर रोड स्थित नवोदय विद्या निकेतन सीनियर सेकेंडरी स्कूल में 11वीं कक्षा की 16 वर्षीय छात्रा जानवी ने स्कूल भवन की तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी। गंभीर हालत में छात्रा को पहले नजदीकी निजी अस्पताल और फिर बीके अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद से स्कूल परिसर और छात्रा के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

बिरयानी विवाद और 4 घंटे धूप में खड़ा रखने का गंभीर आरोप

मृतका के पिता प्रमोद कुमार ने स्कूल की एक शिक्षिका पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। पिता के अनुसार, कक्षा में छात्राओं के बीच टिफिन में बिरयानी खाने को लेकर कोई कहासुनी हुई थी। सहपाठियों के हवाले से पिता का दावा है कि इस विवाद में जानवी की कोई गलती नहीं थी, फिर भी शिक्षिका ने उसे कड़ी सजा दी। आरोप है कि जानवी को करीब चार घंटे तक भीषण धूप में खड़ा रखा गया, जिससे वह मानसिक रूप से बेहद आहत और परेशान हो गई। परिजनों की आशंका है कि इसी प्रताड़ना और अपमान के चलते उसने तीसरी मंजिल से कूदकर यह खौफनाक कदम उठाया।

प्रिंसिपल का बयान: सजा देने के आरोप बेबुनियाद

दूसरी तरफ, नवोदय विद्या निकेतन स्कूल के प्रधानाचार्य आरके शर्मा ने परिजनों के सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। प्रिंसिपल का कहना है कि छात्रा को किसी भी प्रकार की सजा नहीं दी गई थी और न ही उसके साथ कोई अनुचित व्यवहार हुआ था। उनके मुताबिक, जानवी कक्षा से वॉशरूम जाने का कहकर निकली थी और सीधे तीसरी मंजिल पर जाकर छलांग लगा दी। स्कूल प्रबंधन का कहना है कि छात्रा के इस कदम के पीछे की असली वजह अभी साफ नहीं है।

डबुआ थाना पुलिस ने शुरू की गहन जांच

घटना की जानकारी मिलते ही डबुआ थाना पुलिस टीम तुरंत स्कूल पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रबंधन, संबंधित शिक्षकों, साथी छात्राओं और परिजनों के बयान दर्ज करने शुरू कर दिए हैं। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि घटना से ठीक पहले कक्षा में क्या हुआ था और छात्रा किन परिस्थितियों में तीसरी मंजिल तक पहुंची। अधिकारियों का कहना है कि सभी साक्ष्यों, बयानों और सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी।

Check Also

शादी के 24 साल बाद IVF से जन्मी थीं जुड़वां बेटियां: मां ने पानी में डुबोकर ली जान, फिर लगाई फांसी; दिल दहला देने वाला मामला

बेंगलुरु।  कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के दक्षिणी क्षेत्र स्थित वज्रहल्ली इलाके से एक रूह कंपा …