
हापुड़/लखनऊ उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में गंगा एक्सप्रेस-वे पर देर रात एक रोंगटे खड़े कर देने वाला सड़क हादसा पेश आया। बदायूं से दिल्ली की तरफ जा रही एक तेज रफ्तार महिंद्रा थार गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। टक्कर और पलटने की तीव्रता इतनी जबरदस्त थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए। इस दर्दनाक दुर्घटना में गाड़ी में सवार पांच युवकों में से चार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और घायल को तत्काल अस्पताल भिजवाया।
आधी रात को हुआ हादसा, तेज रफ्तार बनी काल
घटना सिंभावली थाना क्षेत्र अंतर्गत गंगा एक्सप्रेस-वे पर देर रात करीब 12 बजे की है। थार सवार पांचों युवक दिल्ली की ओर जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों और शुरुआती जांच के अनुसार, अत्यधिक गति के कारण चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद थार सड़क पर कई बार पलटती हुई बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद डायल 112 के माध्यम से सिंभावली पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने राहगीरों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त गाड़ी से सभी को बाहर निकाला और ग्राम सिखेड़ा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने चार युवकों को मृत घोषित कर दिया।
बदायूं के रहने वाले थे सभी युवक, दो सगे भाइयों की गई जान
हादसे में जान गंवाने वाले सभी युवक बदायूं जिले के रहने वाले थे। मृतकों की शिनाख्त पालपुर निवासी 26 वर्षीय जोगिंदर (पुत्र झाझन सिंह), 25 वर्षीय सुखवीर (पुत्र होती लाल), 20 वर्षीय जसवंत (पुत्र होती लाल) तथा पूरदलपुर निवासी 20 वर्षीय रवि (पुत्र करण सिंह) के रूप में हुई है। हादसे में जान गंवाने वाले सुखवीर और जसवंत आपस में सगे भाई थे। वहीं पालपुर निवासी 17 वर्षीय विष्णु (पुत्र गिरीराज) गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसका उपचार जारी है। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के गांवों में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने संभाला मोर्चा, क्षतिग्रस्त वाहन हटवाकर सुचारू कराया यातायात
दुर्घटना के बाद गंगा एक्सप्रेस-वे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त थार को रास्ते से हटवाकर मार्ग को सुचारू कराया। मामले पर जानकारी देते हुए एएसपी विनीत भटनागर ने बताया कि डायल 112 पर सूचना मिलने पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची थी। चारों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और विधिक कार्रवाई जारी है।
voice of india