Monday , 31 August 2026

BPSC शिक्षिका की संदिग्ध मौत: 3 महीने पहले की थी लव मैरिज, रक्षाबंधन पर मायके से लौटते ही कमरे में फंदे से झूलती मिली मधु पाल; इलाके में सनसनी

वैशाली/हाजीपुर। बिहार के वैशाली जिले से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। उत्तर प्रदेश के कानपुर की रहने वाली 27 वर्षीय BPSC शिक्षिका मधु पाल का शव उनके किराए के कमरे में पंखे से लटकता मिला। शिक्षिका द्वारा उठाए गए इस आत्मघाती कदम से शिक्षा विभाग और आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़कर शव को फंदे से उतारा। फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं और कमरे को सील कर दिया गया है।

कानपुर की थीं मधु पाल, चेहरेकलां के स्कूल में थीं तैनात मृतका की शिनाख्त उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले स्थित मसवानपुर गांव निवासी 27 वर्षीय मधु पाल के रूप में हुई है। मधु ने करीब एक साल पहले बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की शिक्षक भर्ती परीक्षा पास की थी। इसके बाद उनकी पोस्टिंग वैशाली के कटहरा थाना क्षेत्र अंतर्गत चेहराकलां प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय में बतौर शिक्षिका हुई थी। वह स्कूल के पास ही ललन श्रीवास्तव नामक व्यक्ति के मकान में किराए पर कमरा लेकर रह रही थीं। स्कूल के प्रधानाचार्य चंद्रभूषण कुमार के अनुसार, मधु का व्यवहार बेहद सौम्य था और वह बच्चों को पूरी निष्ठा से पढ़ाती थीं।

3 महीने पहले हुआ था प्रेम विवाह, मायके वालों के विरोध का दावा प्राप्त जानकारी के मुताबिक, मधु ने करीब तीन महीने पहले 2 मई को उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले के सरसई निवासी गौरव कुमार पाल से प्रेम विवाह (लव मैरिज) किया था। शादी के बाद गौरव भी मधु के साथ ही बिहार में रहने लगे थे। पति के दोस्त अजीत पाल ने दावा किया है कि मधु के मायके वाले इस शादी के पूरी तरह खिलाफ थे। शादी के बाद से ही मधु पर लगातार गौरव को छोड़ने और दूसरी शादी करने का दबाव बनाया जा रहा था, जिससे वह मानसिक तनाव के दौर से गुजर रही थीं।

रक्षाबंधन पर गई थीं घर, ड्यूटी पूरी कर लौटीं और उठाया खौफनाक कदम घटनाक्रम के अनुसार, रक्षाबंधन के मौके पर मधु अपने पति के साथ कानपुर मायके गई थीं। त्योहार बीतने के बाद परिजनों ने मधु को बिहार जाने वाली बस में बैठा दिया। 29 अगस्त को मधु समय पर अपने स्कूल पहुंचीं और पूरी ड्यूटी करने के बाद दोपहर करीब 1 बजे किराए के कमरे पर वापस लौटीं। शाम के समय जब पति गौरव का फोन मधु ने बार-बार रिसीव नहीं किया, तो उन्होंने अनहोनी की आशंका के चलते मकान मालिक को संपर्क किया। मकान मालिक ने जब देखा कि अंदर से दरवाजा बंद है, तो उन्होंने तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचित किया।

दरवाजा तोड़कर निकाला गया शव, PMCH भेजा गया पोस्टमार्टम कटहरा थानाध्यक्ष संजीव कुमार दुबे भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और रात करीब 11 बजे कमरे का दरवाजा तोड़ा गया। अंदर मधु का शव पंखे से लटका हुआ था। पुलिस ने फौरन शव को कब्जे में लिया और पहले सदर अस्पताल हाजीपुर भेजा। वहां पोस्टमार्टम की सुविधा उपलब्ध न होने के कारण शव को पटना स्थित PMCH रेफर कर दिया गया। पुलिस का कहना है कि परिजनों और संबंधित पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के नतीजे आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी।

 

Check Also

कौशांबी में भीषण विस्फोट: घर में बन रहे थे पटाखे, अचानक हुआ जोरदार धमाका; भरभराकर गिरा मकान, कई घायल

कौशांबी उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले से सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना …