Friday , 28 August 2026

‘श्रेया धरती पर रहेगी तो मेरी बहू बनकर…’,मुख्य आरोपी विवेक के पिता राम सहाय चौबे गिरफ्तार, रिश्ता ठुकराने पर दी थी खौफनाक धमकी; फरार बेटे की तलाश तेज

धर्मनगरी वाराणसी के बहुचर्चित एमएससी छात्रा श्रेया उपाध्याय हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी विवेक चौबे के पिता राम सहाय चौबे को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि राम सहाय अपने बेटे विवेक की शादी जबरन श्रेया से कराना चाहता था। जब छात्रा के परिजनों ने यह रिश्ता ठुकरा कर उसकी शादी कहीं और तय कर दी, तो आरोपी पिता ने पूरे परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी। पुलिस अब हत्याकांड की मुख्य साजिश और फरार मुख्य आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

जमुआ तिराहे से दबोचा गया आरोपी पिता, शादी के विवाद में रची साजिश राजातालाब और रोहनिया थाना क्षेत्र में फैले इस सनसनीखेज मामले में पुलिस टीम ने 27 अगस्त को मुखबिर की सटीक सूचना पर जमुआ तिराहा रेलवे क्रॉसिंग के पास घेराबंदी कर राम सहाय चौबे को धर दबोचा। पुलिस विवेचना के अनुसार, राम सहाय अपने बेटे विवेक चौबे उर्फ निखिल का विवाह श्रेया से कराने की जिद पर अड़ा था। श्रेया के परिजनों द्वारा प्रस्ताव खारिज करने और दूसरी जगह रिश्ता तय करने के बाद से ही आरोपी पक्ष रंजिश रखने लगा था।

‘धरती पर रहेगी तो मेरी बहू बनकर रहेगी’- परिजनों को दी थी खुली धमकी जांच में सामने आया है कि शादी से इनकार के बाद राम सहाय ने छात्रा के परिवार को खुलेआम धमकाते हुए कहा था कि श्रेया यदि धरती पर रहेगी, तो उसकी बहू बनकर ही रहेगी। श्रेया के मामा श्रीकांत मिश्रा ने यह भी गंभीर आरोप लगाया है कि मुख्य आरोपी विवेक को करोड़ों रुपये की जमीन और संपत्ति का लालच भी उसके पिता राम सहाय ने ही दिया था। पुलिस अब इस धमकी, संपत्ति विवाद और सुनियोजित मर्डर के बीच की कड़ियों को आपस में जोड़कर तफ्तीश कर रही है।

18 अगस्त को लापता हुई थी छात्रा, 20 को झाड़ियों में मिला था शव मरुई गांव निवासी एमएससी की होनहार छात्रा श्रेया उपाध्याय 18 अगस्त को अचानक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू की थी। दो दिन बाद, 20 अगस्त को रोहनिया थाना क्षेत्र के बच्छाव पश्चिमपुरा स्थित एक सुनसान इलाके से श्रेया का शव बरामद हुआ था, जिसके बाद पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया और पुलिस ने इसे हत्या की धाराओं में तब्दील कर दिया।

दो गिरफ्तार, मुख्य आरोपी विवेक चौबे की तलाश में ताबड़तोड़ दबिश पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी के अनुसार, हत्याकांड में अब तक पुनीत मिश्रा और राम सहाय चौबे की औपचारिक गिरफ्तारी हो चुकी है। वारदात का मुख्य सूत्रधार विवेक चौबे उर्फ निखिल अभी भी फरार चल रहा है। पुलिस की विशेष टीमें वाराणसी सहित पूर्वांचल के कई जनपदों और संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं। अधिकारियों का दावा है कि विवेक की गिरफ्तारी के बाद ही हत्याकांड से जुड़े हथियार, वाहन और पूरी साजिश की अंतिम परतें स्पष्ट हो सकेंगी।

 

Check Also

पति ने प्राइवेट नौकरी कर पत्नी को बनाया बिहार पुलिस में सिपाही, वर्दी मिलते ही प्रेमी संग फरार; ट्रेनिंग पूरी होते ही बदले तेवर, व्हाट्सएप चैट से खुला अवैध संबंधों का राज

बिहार के रोहतास जिले के डेहरी ऑन सोन से रिश्तों को तार-तार कर देने वाला …