
अयोध्या में रामलला के दर्शन की योजना बना रहे देश-दुनिया के श्रद्धालुओं के लिए श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने बड़ी राहत दी है। ट्रस्ट ने ‘सुगम दर्शन पास’ की ऑनलाइन व्यवस्था को पूरी तरह अपग्रेड करते हुए इसमें कई अहम बदलाव किए हैं। नई व्यवस्था के तहत अब श्रद्धालु दर्शन की तय तारीख से 90 दिन (3 महीने) पहले तक पास के लिए अग्रिम आवेदन कर सकेंगे। इसके साथ ही सामान्य श्रद्धालुओं के लिए प्रतिदिन जारी होने वाले ऑनलाइन पास की संख्या 975 से बढ़ाकर 2000 कर दी गई है। इससे भक्तों को यात्रा, ट्रेन आरक्षण और होटल की व्यवस्था पहले से तय करने में भारी सहूलियत होगी।
7 चरणों में जारी होंगे अग्रिम पास, दर्शन के दिन तत्काल पास की सुविधा
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव गोविंद देव गिरि ने श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या और सहूलियत को ध्यान में रखते हुए इस अपग्रेडेड व्यवस्था को मंजूरी दी है। सीईओ एयर मार्शल (सेवानिवृत्त) जितेंद्र मिश्र, आईटी सेल और ट्रस्ट के पदाधिकारियों की उच्चस्तरीय बैठक के बाद इसे लागू करने के प्रशासनिक निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
पहले जहां अधिकतम 15 दिन पूर्व ही पास बुक किए जा सकते थे, वहीं अब अग्रिम बुकिंग को 7 अलग-अलग चरणों में बांटा गया है। श्रद्धालु दर्शन की तिथि से 90, 62, 30, 14, 7, 3 और 1 दिन पहले पास के लिए आवेदन कर सकेंगे। इसके अलावा जिन श्रद्धालुओं को पहले से बुकिंग नहीं मिल सकी है, उनके लिए दर्शन वाले दिन ‘तत्काल पास’ जारी करने का भी विशेष प्रावधान रखा गया है। अलग-अलग स्लॉट खुलने से सर्वर पर लोड नहीं बढ़ेगा और भक्तों को बुकिंग के समान अवसर मिलेंगे।
24 से 48 घंटे में होगा तकनीकी सत्यापन, फर्जीवाड़े पर लगेगी लगाम
ऑनलाइन सिस्टम के दुरुपयोग, दलाली और फर्जी बुकिंग को रोकने के लिए ट्रस्ट ने कड़ा वेरिफिकेशन मॉडल तैयार किया है। नई प्रणाली में आवेदन करते ही पास तुरंत कन्फर्म नहीं होगा। आवेदन के बाद बैकएंड पर तकनीकी व दस्तावेजी जांच होगी और 24 से 48 घंटे के भीतर श्रद्धालु को पास की पुष्टि का मैसेज भेजा जाएगा। केवल फॉर्म भरना पास की गारंटी नहीं माना जाएगा। हालांकि, दर्शन वाले दिन जारी होने वाले तत्काल पास पर यह प्रतीक्षा नियम लागू नहीं होगा; उनकी पुष्टि मौके पर ही तुरंत कर दी जाएगी।
सुगम दर्शन पास पूरी तरह निशुल्क, अवैध वसूली रोकने को जारी होगा हेल्पलाइन नंबर
ट्रस्ट ने स्पष्ट दोहराया है कि सुगम दर्शन पास की सुविधा पूरी तरह नि:शुल्क है और इसके एवज में किसी भी तरह का कोई शुल्क नहीं लिया जाता। यदि कोई व्यक्ति या बिचौलिया पास दिलाने के नाम पर पैसे की मांग करता है, तो श्रद्धालु सीधे ट्रस्ट से इसकी शिकायत कर सकेंगे। पारदर्शिता बनाए रखने के लिए अब प्रत्येक जारी होने वाले पास पर शिकायत दर्ज कराने का ब्योरा अंकित रहेगा। ट्रस्ट द्वारा इसके लिए एक विशेष हेल्पलाइन नंबर (8009522111) भी तैयार किया गया है, जिसे आगामी एक सप्ताह के भीतर पूरी तरह सक्रिय कर दिया जाएगा।
voice of india