Wednesday , 26 August 2026

फर्जी IAS तृप्ति राजपूत का भोपाल कनेक्शन: ‘भारत सरकार’ लिखी इनोवा, जाली CBI कार्ड बरामद; कारोबारी से शादी कर ऐंठे लाखों

भोपाल/चंदेरी। खुद को कभी आईएएस तो कभी मध्य प्रदेश टूरिज्म की एडिशनल हेड बताकर ठगी करने वाली तृप्ति राजपूत का नेटवर्क अब तेजी से बेनकाब हो रहा है। चंदेरी पुलिस आरोपी तृप्ति और उसके भाई को लेकर राजधानी भोपाल पहुंची, जहां उनके बागमुगालिया स्थित मायके और अल्कापुरी स्थित ससुराल में सघन तलाशी ली गई। जांच टीमों को यहां से फर्जी सीबीआई पहचान पत्र, जाली लेटरहेड और धोखाधड़ी से जुड़े कई अहम दस्तावेज हाथ लगे हैं।

‘भारत सरकार’ लिखी इनोवा और लग्जरी लाइफस्टाइल से जमाती थी रौब जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि तृप्ति लोगों पर प्रभाव जमाने के लिए किराए की इनोवा कार का इस्तेमाल करती थी, जिस पर बकायदा ‘भारत सरकार’ लिखा हुआ था। इसके साथ ही वह महंगे आईफोन और वीआईपी लाइफस्टाइल दिखाकर लोगों को झांसे में लेती थी। आरोपी महिला खुद को बड़ा प्रशासनिक अधिकारी बताकर शादी तक के मामलों में जालसाजी कर चुकी है। उसने चंदेरी के एक कारोबारी को एमपी पर्यटन विकास निगम में बड़े पद और आईएएस होने का झांसा देकर न सिर्फ शादी रचाई, बल्कि उससे 9.80 लाख रुपये भी ठग लिए।

फर्जी दस्तावेज बनाने वाले नेटवर्क पर पुलिस का शिकंजा भोपाल में हुई छानबीन के दौरान पुलिस ने तृप्ति के ठिकानों से मिले तमाम इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, महंगे गैजेट्स और दस्तावेजों को जब्त कर लिया है। पुलिस अब इस बात की पड़ताल में जुटी है कि तृप्ति के लिए फर्जी सीबीआई कार्ड और सरकारी लेटरहेड तैयार करने वाले प्रिंटर या गिरोह के तार कहां तक जुड़े हैं। इसके अलावा ‘भारत सरकार’ लिखी गाड़ी उपलब्ध कराने वाले ट्रेवल्स संचालक की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

ठगी के बड़े नेटवर्क की परतें खोलने में जुटी चंदेरी पुलिस पुलिस अधिकारियों का मानना है कि तृप्ति और उसके सहयोगियों ने इस फर्जी पहचान के दम पर कई अन्य लोगों को भी चूना लगाया होगा। चंदेरी पुलिस अब भोपाल से मिले साक्ष्यों और डिजिटल सबूतों को केस डायरी में शामिल कर आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है, जिससे इस हाई-प्रोफाइल फर्जीवाड़े से जुड़े अन्य पीड़ितों और सहयोगियों के नाम भी जल्द सामने आ सकते हैं।

 

Check Also

यूपी चुनाव से पहले सपा का मास्टरस्ट्रोक: महिलाओं को हर साल ₹40,000 देने का वादा, डिंपल यादव ने किया ‘स्त्री सम्मान समृद्धि योजना’ का ऐलान

लखनऊ।   उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी बिसात बिछनी शुरू हो चुकी …