
लखनऊ । उत्तर प्रदेश में हिंसक प्रदर्शनों, उपद्रव और पथराव जैसी अनपेक्षित घटनाओं पर सख्त नियंत्रण पाने और सुरक्षा बलों को सुरक्षित रखने के लिए यूपी पुलिस को हाईटेक व आधुनिक सुरक्षा संसाधनों से लैस करने की बड़ी तैयारी की गई है। सरकार ने पुलिस बल के लिए 90 हजार लाठी, हेलमेट और पीवीसी शील्ड खरीदने की प्रशासनिक व वित्तीय स्वीकृति दे दी है। इसके अतिरिक्त गंभीर खतरों से निपटने के लिए अत्याधुनिक बैलिस्टिक शील्ड और भीड़ को नियंत्रित करने वाले लाउड हेलर भी खरीदे जाएंगे।
गृह विभाग ने जारी किए 29.45 करोड़ रुपये का बजट इस बड़े पैमाने पर होने वाली खरीद के लिए उत्तर प्रदेश शासन के गृह विभाग ने 29.45 करोड़ रुपये की धनराशि जारी कर दी है। इन आधुनिक सुरक्षा उपकरणों की खरीद और जिलों तक वितरण की पूरी जिम्मेदारी पुलिस की लॉजिस्टिक शाखा को सौंपी गई है। पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) मुख्यालय से अंतिम मंजूरी मिलते ही टेंडर व खरीद की प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा।
30-30 हजार लाठी, हेलमेट और पीवीसी शील्ड का बेड़ा भीड़ नियंत्रण के लिए पुलिसकर्मियों के बुनियादी सुरक्षा उपकरणों को बड़े स्तर पर अपग्रेड किया जा रहा है। खरीद योजना के तहत:
-
30 हजार PVC लाठी: प्रति लाठी 500 रुपये की लागत से खरीदी जाएंगी।
-
30 हजार सुरक्षा हेलमेट: पुलिसकर्मियों के सिर की सुरक्षा के लिए 2,600 रुपये प्रति हेलमेट की दर से 30,000 हेलमेट खरीदे जाएंगे।
-
30 हजार PVC शील्ड: पथराव से बचाव के लिए 4,000 रुपये प्रति शील्ड की दर से 30,000 शील्ड शामिल की जाएंगी।
घातक हमलों से बचाएगी बैलिस्टिक शील्ड, 1500 लाउड हेलर भी शामिल उपद्रव और गंभीर हिंसक झड़पों के दौरान जवानों को जानलेवा चोटों से बचाने के लिए 1,500 विशेष बैलिस्टिक शील्ड भी बेड़े में जोड़ी जाएंगी। अत्याधुनिक तकनीक वाली एक बैलिस्टिक शील्ड की कीमत करीब 49,500 रुपये तय की गई है। इसके अलावा किसी भी तनावपूर्ण स्थिति में भीड़ को चेतावनी देने और निर्देश जारी करने के लिए 5,000 रुपये प्रति यूनिट की दर से 1,500 लाउड हेलर भी खरीदे जाएंगे।
जवानों के घायल होने की घटनाओं के बाद सरकार का बड़ा कदम हाल के दिनों में दिल्ली सहित देश के कई हिस्सों में प्रदर्शनों के दौरान पुलिसकर्मियों पर जानलेवा हमले और उनके गंभीर रूप से घायल होने के मामले सामने आए थे। वहीं, भीड़ नियंत्रण के पारंपरिक तरीकों पर भी सवाल उठते रहे हैं। इस परिदृश्य को देखते हुए यूपी पुलिस को उन्नत सुरक्षा कवच और आधुनिक संचार तंत्र उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के दौरान जवानों की जान भी सुरक्षित रहे और उपद्रवियों पर त्वरित नियंत्रण पाया जा सके।

voice of india