Monday , 24 August 2026

बस्ती में कलयुगी बेटी ने प्रेमी संग मिलकर की पिता की नृशंस हत्या, 24 घंटे में पर्दाफाश कर पुलिस ने दोनों को भेजा जेल

बस्ती  : उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। दुबौलिया थाना क्षेत्र में एक कलयुगी बेटी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पिता को बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए 24 घंटे के भीतर इस खौफनाक हत्याकांड का सफल अनावरण कर दिया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही से कत्ल में इस्तेमाल हंसिया, गमछा और 700 रुपये नकद बरामद कर लिए हैं।

खेत में मिलने पहुंचे थे प्रेमी-प्रेमिका, पिता ने देखा तो हुआ विवाद

घटना 21 अगस्त की दोपहर की है। क्षेत्राधिकारी कलवारी बृजेश सिंह ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि बभरौली निवासी लक्ष्मण पुत्र राजू और छावनी थाना क्षेत्र के रमवापुर तिवारी निवासी दुर्गा पुत्री स्वर्गीय कृष्णा प्रसाद बभरौली के पास नहर के किनारे मिलने पहुंचे थे। इसी दौरान दुर्गा के पिता कृष्णा प्रसाद अचानक वहां पहुंच गए। अपनी बेटी को लक्ष्मण के साथ देखकर कृष्णा प्रसाद गुस्से में आ गए और दोनों का विरोध करते हुए हाथ उठाने लगे।

हंसिया से किए ताबड़तोड़ वार, गमछे से गला घोंटकर नहर में फेंका शव

विरोध से बौखलाए प्रेमी जोड़े ने मिलकर कृष्णा प्रसाद पर अचानक हमला बोल दिया और उन्हें जमीन पर पटक दिया। इसके बाद आरोपियों ने हंसिया से उनके गले, सीने और सिर पर ताबड़तोड़ प्रहार किए। लक्ष्मण उनके सीने पर चढ़ बैठा और दोनों ने मिलकर गमछे से उनका गला तब तक दबाए रखा जब तक उनकी सांसें नहीं थम गईं। हत्या की पुष्टि होने के बाद आरोपियों ने शव को पास ही नहर में फेंक दिया और खून से सना हंसिया भी वहीं फेंककर मौके से फरार हो गए।

नासिक भागने की फिराक में थे आरोपी, पुलिस ने दबोचा

मृतक के भाई काशी प्रसाद की तहरीर पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी महाराष्ट्र के नासिक भागने की योजना बना रहे थे। सटीक सूचना के आधार पर दुबौलिया पुलिस ने शनिवार को रामजानकी मार्ग स्थित जैतापुर मोड़ से दोनों अभियुक्तों को उस समय दबोच लिया जब वे भागने की तैयारी में थे। पुलिस ने कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए दोनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।

Check Also

छत्रपति संभाजीनगर में एक ही परिवार के 3 सदस्यों की मौत: iPhone नहीं, 20 साल पुराना कलह और 3 एकड़ जमीन बनी वजह; अलग-अलग श्मशान में हुआ अंतिम संस्कार

छत्रपति संभाजीनगर  : महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में चांदगुडे परिवार के तीन सदस्यों की संदिग्ध …